March 4, 2026

खाती के ग्रामीणों ने की बिजली, सड़क व संचार सुविधा की मांग

बागेश्वर। कपकोट तहसील तथा जिले का अंतिम खाती गांव आज तक मोटर मार्ग से नहीं जुड़ पाया है। ग्रामीण बिजली और संचार सुविधा से भी महरूम हैं। लंबे समय से ग्रामीण शासन- प्रशासन से सुविधाओं की मांग करते आ रहे हैं। बुधवार को उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया। जल्द गांव में बिजली और मोटर रोड नहीं आने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। खाती के ग्रामीणों का शिष्टमंडल बुधवार को जिलाधिकारी रंजना राजगुरु से मिला। उन्होंने बताया कि गांव के लिए रोड के टैंडर होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। आज भी ग्रामीण कई किमी पैदल चलने को मजबूर हैं। उन्होंने गांव में बिजली नहीं होने की परेशानी भी बताई। बताया कि 2017-18 में गांव को बिजली व्यवस्था से जोड़ा गया था। जिसके बाद केवल एक महीने तक ही गांव में बिजली आपूर्ति सुचारू रही। कई बार ग्रामीण विभाग से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आज तक बिजली व्यवस्था ठप रही। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है। उन्होंने गांव को मोबाइल सेवा से जोडऩे को भी कहा। उन्होंने कहा कि गांव पिंडरी ग्लेशियर और सुंदरढूंगा ग्लेशियर के मार्ग का अंतिम गांव है। जहां लगातार सैलानी आते हैं। संचार सुविधा नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने और रोजगार के साधन उपलब्ध कराने की भी मांग की। इस मौके पर प्रकाश सिंह दानू, राजेंद्र सिंह दानू, राहुल टाकुली, खुशाल सिंह, भगवत सिंह, आनंद सिंह, लछम सिंह, चांदनी दानू आदि मौजूद रहे।

You may have missed