बदले की भावना से काम कर रही है प्रदेश सरकार: प्रीतम
कोटद्वार। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि जिन निकायों में कांग्रेस के अध्यक्ष या मेयर हैं, राय सरकार उन्हें परेशान करने का काम कर रही है। कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है लेकिन डबल इंजन की सरकार भ्रष्टाचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने को तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि कोटद्वार में मेयर की बर्खास्तगी की बात उठाने वाली सरकार बदले की भावना से काम कर रही है लेकिन कांग्रेस इस मामले में पीछे नहीं हटेगी और पूरी ताकत से इस लड़ाई को आगे बढ़ायेगी। रविवार को लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने निशाना साधते हुए कहा कि परीक्षा के नाम पर बेरोजगारों से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्र के भीतर परीक्षार्थी के मोबाइल फोन से ओएमआर सीट की फोटो खींचना और उसे सार्वजनिक करने की जानकारी की उचस्तरीय व न्यायिक जांच की जानी आवश्यक है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार का दायित्व देश में अमन चैन कायम करने का है, मगर सत्ता में बैठे लोग लोकतंत्र पर प्रहार करने, प्रजातंत्र को समाप्त करने व संविधान को पैरों तले कुचलने पर लगे हैं। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था ध्वस्त हो गई है। इसे पटरी पर लाने का काम करना चाहिए, मगर सरकार ऐसा नहीं कर रही है। महंगाई, भ्रष्टाचार चरम पर है, बेरोजगारी बढ़ रही है। कहा कि जनता सरकार की मंशा समझ गई है और अब सबक सिखाने को तैयार है। इस मौके पर मेयर हेमलता नेगी, पूर्व काबीना मंत्री सुरेन्द्र सिंह नेगी, सूर्यकांत धस्माना, धीरेन्द्र प्रताप, विजय सारस्वत, चंद्रमोहन खर्कवाल, संजय मित्तल, जसबीर राणा, विजय नारायण सिंह, सुरेश असवाल, प्रवेश रावत, सूरज कांति, अमितराज आदि मौजूद रहे।
