March 4, 2026

नैनीताल में बारिश और पहाड़ों में जमकर ओलावृष्टि 

नैनीताल। नैनीताल में लगातार तीसरे दिन रविवार को भी मौसम ने करवट बदली। इस दौरान नैनीताल समेत आसपास के क्षेत्रों में दिनभर बारिश का सिलसिला जारी रहा। जबकि जिले के पहाड़ी क्षेत्रों में जमकर ओलावृष्टि हुई। वहीं मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों में भी बरसात और ओलावृष्टि की आशंका जताई है। नैनीताल में रविवार सुबह से मौसम का मिजाज बदल गया। दोपहर बाद हुई ओलावृष्टि और बारिश की वजह से नैनीताल भ्रमण पर पहुंचे सैलानियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश की वजह से नैनीझील में नौका विहार कर रहे सैलानियों को और यादा परेशानी हुई। वहीं बल्दियाखान, खुर्पाताल, बजून, देवीधुरा समेत अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में ओलों की चादर बिछ गई। बारिश और ओलावृष्टि के चलते ठंड में इजाफा हो गया है। मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार आगामी तीन दिनों तक बारिश की संभावनाएं बनी हुई हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यहां बारिश के साथ ही ऊंचाई वाले हिस्सों में ओलावृष्टि की भी आशंका है। जिला मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी प्रताप सिंह बिष्ट के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान 11, जबकि न्यूनतम 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 6 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई है। नैनीझील नियंत्रण कक्ष के प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि ओलावृष्टि के बाद झील का जलस्तर 5 फीट साढ़े 9 इंच से बढ़कर 5 फीट साढ़े 10 इंच पर जा पहुंचा।