होली में पेंशन न मिलने पर होगा आंदोलन
बागेश्वर। होली पर्व तक खातों में पेंशन की राशि नहीं आने पर गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन ने कड़ी आपत्ति जताई है। नाराज पेंशनरों ने अपनी मांग को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। गुरुवार को संगठन के अध्यक्ष प्रताप सिंह गडिय़ा के नेतृत्व में पेंशनर कलक्ट्रेट परिसर में पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने सभा की। सभा में वक्ताओं ने कहा होली पर्व शुरू हो गया है, लेकिन अब तक कोषागार से उन पेंशनरों के खातों में पेंशन की राशि नहीं पहुंची है जो 2000 से पूर्व सेवानिवृत्त हुए थे। सभी बुजुर्ग अपनी पेंशन से अपनी आजीविका चलाते हैं। इसके बाद भी इस तरह की लेट-लतीफी की जा रही है। चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस आशय का एक ज्ञापन उन्होंने जिलाधिकारी को सौंपा। यहां हयात सिंह, मोहन चंद्र जोशी आदि मौजूद रहे।
