March 5, 2026

स्वाइप मशीन से करेगी पुलिस अब चालान

पिथौरागढ़। जिले की पुलिस अब डिजिटल दुनिया की तरफ कदम रख रही है। अब पुलिस विभाग वाहनों के चालान ई स्वाइप मशीनों से करेगा। इसके लिए पुलिस जवानों को प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। थानाध्यक्ष ओपी शर्मा ने बताया कि पिथौरागढ़ पुलिस को वाहनों के चालान के लिए 60 ई स्वाइप मशीनें मिली हैं। जिससे पुलिस को चालान काटने में आसानी होगी। उन्होंने बताया कि कोतवाली समेत 14 थानों में मशीनों का वितरण किया गया है। सीओ पिथौरागढ़, धारचूला और यातायात प्रभारी के पास 1-1मशीनें दी गई हैं। यातायात प्रभारी दरबान सिंह मेहता ने बताया कि कोतवाली पुलिस को 9, जाजरदेवल को 6, गंगोलीहाट, थल को 5-5, बेरीनाग, अस्कोट 4-4, कनालीछीना, डीडीहाट, मुनस्यारी, नाचनी, झूलाघाट, धारचूला, जौलजीबी, बलुवाकोट को 3-3मशीनें दी गई हैं। सभी ई मशीनों में इंस्टालेशन का काम हो गया है। पूरे प्रदेश में पाइन लैब ने एसबीआई के माध्यम से उत्तराखंड पुलिस को 1200 मशीनें दी हैं। मशीनें एयरटेल की सिम से प्रीलोडेड हैं। जिन स्थानों में एयरटेल की सुविधा नहीं है। वहां से रिपोर्ट मंगाई जा रही है। इसके बाद दूसरे नेटवर्क का सिम कंपनी को फीड करने के लिए कहा जाएगा।