January 30, 2026

12 घंटे ठप रही 200 से अधिक गांवों की बिजली

बागेश्वर। क्षेत्र में पल-पल करवट बदलता मौसम लोगों की परेशानी का कारण बन गया है। बीते रविवार को लाइन में खराबी आने से कपकोट की बिजली आपूर्ति 12 घंटे से अधिक समय तक ठप रही। जिससे 200 से अधिक गांव अंधेरे में डूब गए। बिजली नहीं होने से नगर क्षेत्र के लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। रविवार को शाम के समय तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई। जिससे मंडलसेरा के पास कपकोट क्षेत्र की मुय लाइन का जंपर टूट गया। लाइन में खराबी आने से कनलगढ़ घाटी, कपकोट नगर, सरयू घाटी, रेवती घाटी, पिंडर घाटी और शामा वैली के 215 से अधिक गांव अंधेरे में डूब गए। लोगों ने अंधेरे में रात गुजारी। लाइट गुल होने से लोगों के रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ा। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अधिक परेशानी उठानी पड़ी। लोगों के मनोरंजन के साधन भी ठप हो गए। बिजली गुल होने से कुछ स्थानों पर इंटरनेट सेवा भी प्रभावित हुई। जिसके चलते ऑनलाइन सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने वालों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ा। उपभोक्ताओं ने कहा आए दिन यहां क्षेत्र में बिजली गुल हो जाती है। मौसम खराब होने पर दिक्कत अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने लाइन की समस्या का स्थाई समाधान करने की मांग की।
मंडलसेरा के पास लाइन में खराबी आ गई थी। मौसम खराब होने के चलते कुछ दिक्कत हो रही थी। फिलहाल फॉल्ट को ठीक कर आपूर्ति सुचारू करा दी गई है। – एसएस भंडारी, एसडीओ, ऊर्जा निगम।
नगरीय क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने से लोग परेशान
कपकोट। क्षेत्र में बिजली गुल होने के चलते नगरीय क्षेत्र में पेयजल संकट भी गहरा गया। मंडलखेत, पुल बाजार और कपकोट गांव में नलों से पानी की बूंद भी नहीं टपकी। जिसके चलते एक हजार के करीब उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने प्राकृतिक स्रोतों और हैंडपंपों से पानी का इंतजाम किया। इधर, व्यापार मंडल अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी, प्रकाश जोशी, बसंत बिष्ट आदि ने कहा छेती से बनी नगरीय पंपिंग पेयजल योजना लाइट के सहारे संचालित होती है। अक्सर बिजली गुल होने के चलते लोगों को पेयजल किल्लत से भी जूझना पड़ता है। उन्होंने कहा नल में पानी नहीं आने से लोगों को अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। पीने के पानी का जुगाड़ करने के चलते अन्य काम प्रभावित होते हैं। जेई कैलाश चंद्र जोशी ने कहा बिजली आपूर्ति सुचारू होते ही पानी की सप्लाई भी चालू कर दी गई है।

You may have missed