शत्रु संपत्ति मैट्रोपोल परिसर नैनीताल में चोरी
नैनीताल। जिला प्रशासन के अधीन शत्रु संपत्ति मैट्रोपोल परिसर नैनीताल में लगातार चोरी हो रही है। स्थानीय लोगों की मानें तो इन दिनों लगातार रात्रि के दौरान यहां छत से टिन उखाडऩे की आवाजें सुनाई देती हैं। अराजक तत्वों ने टिन के साथ ही भवन में लगाई गई कीमती चौखटें भी चोरी कर ली हैं। बता दें कि आजादी के दौरान अवध रियासत के जमींदार राजा महमूदाबाद पाकिस्तान चले गए थे। इसके बाद सरकार ने उनके विभिन्न स्थानों पर मौजूद करोड़ों की संपत्ति को शत्रु संपत्ति घोषित कर दिया। वर्ष 1870 में नैनीताल में तैयार किए गए आलिशान मैट्रोपोल भवन व इससे लगी भूमि को शत्रु संपत्ति के रूप में दर्ज किया गया। मैट्रोपोल परिसर सरकार के अधीन है। जिसके कस्टोडियन डीएम नैनीताल हैं। संबंधित भवन में कई बार आग भी लग चुकी है। हालांकि यहां अधिकांश हिस्सा जल चुका है, लेकिन शेष हिस्से में लकडिय़ा तथा छत पर टिन बनी हुई है। स्थानीय निवासी पवन जाटव ने बताया यहां बीते कुछ दिनों से रात में आवाजें सुनाई दे रही थीं। इसके बाद स्थानीय लोग परिसर में पहुंचे तो पता चला कि परिसर की छतों से टिन चोरी किये गये हैं। साथ ही कीमती लकडिय़ों से तैयार की गई चौखट भी यहां से उखाड़ कर चोरी की गई हैं। यही नहीं पालिका प्रशसन की ओर से यहां कूड़ा एकत्रित भी किया जाता है, लेकिन उस कूड़े की छंटनी कर बिक्री के कूड़े को यहां जमा किया गया है। जिसे देखने वाला कोई नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शीघ्र ही मेजरनामा बनाकर इसकी सूचना प्रशासन व पुलिस को दी जाएगी।
