शराब की दुकान का विरोध करने पर देवाल के ब्लॉक प्रमुख गिरतार
-गिरतारी का विरोध करने आए दस अन्य आंदोलनकारियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज
चमोली। अंग्रेजी शराब की दुकान को लॉकडाउन तक बंद करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे देवाल के ब्लाक प्रमुख को पुलिस ने गिरतार कर लिया। गिरतारी का विरोध करने आए दस अन्य आंदोलनकारियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया। हालांकि आंदोलन न करने का लिखित आश्वासन देने पर सभी को रिहा कर दिया गया। लॉकडाउन में शराब की दुकान खोलने का लोग विरोध कर रहे हैं। सुबह सात बजे करीब उपजिलाधिकारी थराली केएस नेगी देवाल स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान खुलवाने के लिए पुलिस बल के साथ पहुंचे और शराब की बिक्री शुरू कराई। कुछ देर बाद ब्लाक प्रमुख देवाल दर्शन दानू के नेतृत्व में आंदोलनकारी मुय बाजार में धरने पर बैठ गए और शराब की दुकान बंद करा दी। पुलिस प्रशासन के अधिकारी बार-बार विरोध करने वालों को लॉकडाउन का हवाला देते हुए आंदोलन समाप्त करने की अपील की, लेकिन गुस्साए जनप्रतिनिधियों ने उनकी बात नहीं सुनी। इसके बाद एसडीएम थराली ने पुलिस फोर्स के साथ मंत्रणा की और सुबह करीब 11:20 बजे ब्लाक प्रमुख दर्शन दानू को आंदोलनकारियों के विरोध के बावजूद धरनास्थल से गिरतार कर लिया। इस दौरान, उपजिलाधिकारी और ब्लाक प्रमुख के बीच जमकर कहासुनी हुई, लेकिन पुलिस दानू को थाने ले गई। इस बीच, ब्लाक प्रमुख को छुड़ाने के लिए आंदोलनकारी वहां पहुंच गए और विरोध करने लगे। थानाध्यक्ष ध्वजवीर सिंह पंवार ने बताया कि मौके से आंदोलनकारियों को हटाया गया और सभी 11 लोगों पर लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर मुकदमा दर्ज कर दिया।
मौके पर तहसीलदार थराली दर्शन सिंह बुटोला, चौकी प्रभारी देवाल, जगमोहन पटियार, राजस्व निरीक्षक एसएस नेगी, राजस्व उपनिरीक्षक नवल किशोर मिश्र, प्रमोद नेगी, हरीश रावत सहित भारी पुलिस बल मौजूद था।
