बिग ब्रेकिंग: गरुड़ में भ्रूण मिलने से सनसनी
बागेश्वर , गरुड़ । क्षेत्र में गैस गोदाम रोड पर करीब आठ महीने का भ्रूण पड़ा मिला है। जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। भ्रूण मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मदर्स डे से एक दिन पहले इस तरह की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चायें हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को बैजनाथ थाने में ललित नेगी नामक युवक ने फोन किया। उन्होंने टीट बाजार के पास गैस गोदाम वाली रोड पर भ्रूण के पड़े होने की सूचना दी। एसआई राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस के जवान तत्काल वहां पहुंचे। उन्होंने वहां पर एक सात से आठ माह के भ्रूण को पड़े देखा। पुलिस ने उसे कब्जे में लिया और आसपास के लोगों से इस बारे में पूछताछ की, लेकिन भ्रूण वहां फेंकने वाले का कोई सुराग नहीं लगा। एसआई सिंह ने बताया कि भ्रूण को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। इस मौके पर आरक्षी राजेश भट्ट, जीवन पांडे आदि मौजूद रहे।
