September 10, 2026

कपकोट के छह होटलों में होम क्वारंटाइन होंगे प्रवासी

बागेश्वर। जिला मुयालय के बाद कपकोट तहसील में भी प्रशासन ने क्षेत्र के छह होटलों का अधिग्रहण कर लिया है। एसडीएम ने होटल व्यवसायियों के साथ बैठक कर होटल के कमरों के रेट भी तय कर दिए हैं। इसके अलावा होटलों में क्वारंटाइन होने वालों को खाना खिलाने की जिमेदारी तय कर दी है। इसका भुगतान प्रशासन द्वारा होटल स्वामियों को किया जाएगा। एसडीएम प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे तहसील सभागार में बैठक संपन्न हुई। बैठक में एसडीएम ने बताया कि कपकोट और भराड़ी के करीब छह होटलों का अधिग्रहण किया जाएगा। इन होटलों में बाहर से आने वाले लोगों को जांच के बाद 14 दिन तक क्वारंटाइन किया जाएगा। 15 वें दिन जांच के बाद उन्हें घर भेजा जाएगा। होटल स्वामी को सिंगल कमरे की कीमत 300 और डबल के 500 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से प्रशासन भुगतान करेगा। होटल में रह रहे लोगों के खाने, चाय और नाश्ते की जिमेदारी होटल स्वामी की होगी। इसके लिए 200 प्रतिदिन के हिसाब से अलग से भुगतान किया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद बिष्ट ने कहा कि बाहर से गांव की तरफ जाने वालों की जांच सही तरीके से हो। क्वारंटाइन समय पूरा करने के बाद ही लोगों को गांव की तरफ भेजा जाना चाहिए। गांव में यदि कोरोना ने दस्तक दे दी तो उसे संभालना भारी पड़ेगा। जांच सभी की सही तरीके से होनी चाहिए। इस मौके पर हरीश ऐठानी, नीलकमल जोशी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष राजा शाही, राजस्व पुलिस उपनिरीक्षक किशन नाथ गोस्वामी आदि मौजूद रहे।

You may have missed