बागेश्वर में एसडीएम के पास पहुंचा नगरपालिका और सभासदों का विवाद
बागेश्वर। नगरपालिका और सभासदों का विवाद एसडीएम के पास पहुंच गया है। मंगलवार को दोनों सभासदों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने कहा कि पालिका से उन्हें निर्माण कार्य के लिए मांगी गई सूचना नहीं मिल रही हैं। उन्होंने मामले का संज्ञान लेकर जल्द कार्रवाई के लिए निर्देशित करने की मांग की। बागनाथ वार्ड के सभासद धीरेंद्र परिहार और चंडिका वार्ड के सभासद नितेश वर्मा ने नगर पालिका पर आय-व्यय के खर्चों में गड़बड़ी का आरोप लगाया था। उन्होंने उत्तरायणी मेले के आय-व्यय और अस्पताल के पास बन रही पार्किंग की लिखित सूचना मांगी थी। उन्होंने बताया कि मंगलवार तक भी उन्हें पालिका ने सूचना उपलब्ध नहीं कराई है। इसके चलते उन्हें मजबूर होकर एसडीएम कार्यालय जाना पड़ा। उन्होंने बताया कि निर्माणाधीन पार्किंग का काम बिना बोर्ड प्रस्ताव के कराया जा रहा है। इसी तरह से उत्तरायणी मेले में भी बोर्ड प्रस्ताव के बिना कई कार्य कराए गए थे। उन्होंने कहा कि वैश्विक महामारी के समय में सरकार व जनता के धन का दुरुपयोग होने की आशंका के चलते सूचना मांगी गई थी। उन्होंने एसडीएम से मामले का संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
