आधार कार्ड पर लगी फोटो को अपडेट करना हुआ महंगा
देहरादून। जीपीओ सहित अन्य डाकघरों में आधार कार्ड पर लगी फोटो को अपडेट करना महंगा हो गया है। फोटो अपडेशन के लिए अब उपभोक्ता को 100 रुपए का शुल्क चुकता करना होगा। यह शुल्क पहले 50 रुपए निर्धारित था। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए फिलहाल डाकघरों में आधार की बायोमीट्रिक मशीनें पूरी तरह से बंद हैं। ध्यान देने वाली बात यह है कि अभी भी आधार में नाम, पता, उम्र, मोबाइल नंबर और ई-मेल एड्रेस को दुरुस्त कराने के लिए उपभोक्ता को 50 रुपए ही चुकता करने होंगे। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण यूआईडीएआई की ओर से लॉक डाउन में ही आधार अपडेशन के शुल्क में 50 रुपए का इजाफा कर दिया गया। जिसे डाक विभाग ने भी लागू कर दिया है। हालांकि लॉक डॉउन के बावजूद डाकघरों को यूआईडीएआई की ओर से बायोमीट्रिक मशीनें बंद रखने की कोई हिदायत नहीं है। बावजूद आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए डाक विभाग ने फिलहाल बायोमीट्रिक मशीनों पर काम नहीं करने के निर्देश दे रखे हैं। अगर विभाग जल्द आधार बायोमीट्रिक मशीनों को चालू करने के निर्देश देता है तो इसके लिए उपभोक्ताओं से अपडेशन का नया शुल्क वसूला जाएगा।
उधर दून डाक मंडल के प्रवर अधीक्षक अनुसूया प्रसाद चमोला ने कहा है कि आधार में डेमोग्राफिक (जनसांयिकीय) और बायोमीट्रिक अपडेशन होता है। बॉयोमीट्रिक अपडेशन में व्यक्ति अपनी फोटो को अपडेट करा सकता है। इसके साथ ही आंख की पुतलियों (आईरिस) और उगंलियों के निशान भी अपडेट हो जाते हैं। यदि किसी की उगंलियों के निशान का मिलान नहीं होता है तो भी व्यक्ति को दोबारा बॉयोमीट्रिक अपडेशन कराना पड़ता है। इसके चलते ही शुल्क में 50 रुपए अतिरिक्त इजाफा किया गया है। शुल्क में इजाफा केवल अपडेशन के लिए किया गया है। अन्य शुल्क यथावत रहेंगे।
