March 8, 2026

मोबाइल वैन से शराब की बिक्री होने लगी

कोटद्वार। महिलाओं के भारी विरोध के बाद प्रशासन ने सनेह क्षेत्र में खोली गई शराब की दुकान पर तो ताले डाल दिए, लेकिन अब इस क्षेत्र में मोबाइल वैन से शराब की बिक्री होने लगी है, जिससे महिलाओं में रोष छा गया है। शुक्रवार को महिलाओं ने प्रशासन के इस निर्णय के खिलाफ धरना दिया व क्षेत्र में मोबाइल वैन के माध्यम से बिक रही शराब की दुकान को हटाने की मांग की।
उच न्यायालय की ओर से जारी आदेशों के बाद शासन ने कालागढ़ क्षेत्र में संचालित शराब की दुकान को सनेह क्षेत्र में शिट कर दिया। सनेह में दुकान खुलते ही क्षेत्र की महिलाओं ने दुकान का विरोध करते हुए धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं ने क्षेत्रीय विधायक व काबीना मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत से भी इस संबंध में वार्ता की और दुकान बंद कराने की मांग की। करीब दस दिन तक चला महिलाओं का आंदोलन रंग लाया और काबीना मंत्री डॉ. रावत के निर्देश पर शराब की दुकान में ताला लगा दिया गया। हालांकि, दुकान पर ताला लगने के बाद भी महिलाओं ने धरना जारी रखा। उनका कहना था कि जब तक दुकान से शराब की बोतलें नहीं हटती, वे धरना देती रहेंगी।
इधर, दुकान बंद होने के बाद अब प्रशासन ने क्षेत्र में मोबाइल वैन के जरिये शराब की बिक्री का कार्य शुरू कर दिया है। मोबाइल वैन के जरिये शराब की बिक्री से एक बार फिर महिलाओं में आक्रोश पनप गया है। शनिवार को क्षेत्र में महिलाओं ने शराब की मोबाइल वैन के जरिए बिक्री होने के विरोध में धरना दिया व तत्काल इस पर रोक लगाने की मांग की। कहा कि प्रशासन जानबूझकर क्षेत्र में युवाओं को शराब की लत में धकेलना चाह रही है। कहा कि यदि शराब की बिक्री बंद न की गई तो आंदोलन को उग्र किया जाएगा। धरना देने वालों में महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रंजना रावत, अंजू पुंडीर, शांति देवी, सुनीता देवी, किरन देवी, उर्मिला देवी, कमला देवी, सावित्री देवी, लक्ष्मी देवी, विशना देवी, सतेश्वरी देवी सहित कई अन्य मौजूद रहे।