March 19, 2026

पुरानी पेंशन बहाली को सोशल मीडिया से कराया विरोध दर्ज –

बागेश्वर। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर विरोध दर्ज कराने के लिए कर्मचारियों ने सोशल मीडिया को मंच बनाया। उन्होंने हाथों पर पोस्टर लेकर सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें पोस्ट की हैं। इसके माध्मय से प्रधानमंत्री, मुयमंत्री समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से पुरानी पेंशन बहाल करने की पुरजोर मांग की है। प्रदेशभर में चले इस कार्यक्रम में जिेले से भी सैकड़ों कर्मचारियों ने भागीदारी की है। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के प्रदेश संयोजक मिलिंद बिष्ट ने बताया कि लॉकडाउन के चलते आंदोलन का रुख भी बदला गया है। कर्मचारी अपने घरों पर रहकर ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर ऑनलाइन विरोध दर्ज करा रहे हैं। इसके तहत पूर्व में दीपक जलाओ कार्यक्रम कराया गया। जो बेहद सफल रहा था। रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्टर के माध्यम से विरोध दर्ज कराने के कार्यक्रम को भी भरपूर सफलता मिल रही है। प्रदेश भर से हजारों कर्मचारियों ने इसमें भागीदारी की है। इसमें सभी विभागों में 2005 के बाद तैनात कर्मचारी भागीदारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुरानी पेंशन को हटाकर सरकार ने कर्मचारियों के साथ घोर अन्याय किया है। बाजार आधारित इस पेंशन से सेवानिवृत्त होने के बाद कर्मचारियों का भविष्य अधर में लटक जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन को सचिवालय संघ को समर्थन मिलने से अधिक धार मिली है। इसके अलावा विभिन्न संगठनों के कर्मचारी पूर्व से ही आंदोलन में शामिल होकर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी जायज माग को पूरा नहीं कर देती आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने भविष्य में मांग मनवाने के लिए आंदोलन को उग्र करने की भी चेतावनी दी।