Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 15, 2026

मतदान के लिए जा रहे छात्र को रोका, गुस्से में कर्मचारी के सिर पर मारी बोतल


नई टिहरी । राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान करने जा रहे छात्र को चेकिंग के लिए रोकना एक संविदा कर्मचारी को भारी पड़ गया। नाराज छात्र ने छुट्टी के बाद नरेंद्रनगर बाजार में चाय पी रहे संविदा कर्मचारी अजय पुंडीर के सिर पर बोतल मार दी। हमले में कर्मचारी के सिर पर गंभीर चोट आई है। घायल कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, दिन में राजकीय महाविद्यालय नरेंद्रनगर में छात्र संघ चुनाव के लिए मतदान हो रहा था। बीए मास कॉम का छात्र रवि तिवारी, निवासी ऋषिकेश, मतदान करने के लिए कॉलेज पहुंचा था। कॉलेज के गेट पर तैनात संविदा कर्मचारी अजय पुंडीर ने छात्र को चेकिंग के लिए रोक लिया। बताया गया कि छात्र इस बात से नाराज हो गया, हालांकि उस समय उसने कोई विरोध नहीं किया।पुलिस के मुताबिक, कॉलेज की छुट्टी होने के बाद अजय पुंडीर नरेंद्रनगर बाजार स्थित एक होटल में चाय पी रहा था। इसी दौरान छात्र रवि तिवारी होटल में पहुंचा और वहां रखी खाली बोतल उठाकर अजय पुंडीर के सिर पर मार दी। बोतल लगने से कर्मचारी के सिर से खून निकलने लगा।घटना के बाद होटल में मौजूद लोगों ने छात्र को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घायल कर्मचारी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
चिकित्सक डॉ. पूजा डबराल ने बताया कि कर्मचारी के सिर में काफी चोट आई है। उसका उपचार कर दिया गया है। बुधवार को उसका सीटी स्कैन किया जाएगा। उधर, थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी छात्र रवि तिवारी को हिरासत में लिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

You may have missed

Advertisement