May 11, 2026

हत्या का केस दर्ज करने को ग्रामीणों का हंगामा

 

रुडकी। देर रात टांडा गांव में हुई 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत को लेकर गांव के पचासों लोग भीम आर्मी पदाधिकारियों के साथ कोतवाली पहुंचकर हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। पुलिस अधिकारियों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद उसी के मुताबिक कार्रवाई करने का आश्वासन देकर ग्रामीणों को वापस भेजा।

देर रात लक्सर की सुल्तानपुर चौकी के टांडा गांव के लोकेश (40) पुत्र तिलखा की संदिग्ध परिस्थिति में मृत्यु हो गई थी। पुलिस ने रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। रविवार सुबह ही भीम आर्मी के जिला प्रवक्ता दीपक मौर्य के साथ टांडा के नीटू, नवीन, दीपक, गौरव, धीरसिंह, मेघराज, पाल्लेराम, राकेश, रामरतन, बंटी, शिवेंद्र, रिषिपाल, रामधन, रोहित, चंदकिरण, सुरेश, नरेश, सोनु, टिंकू, अवनीश, धीरज आदि कोतवाली पहुंचकर हंगामा करने लगे।

कोतवाल ने इनमें से चार पांच लोगों को बुलवाकर वार्ता की। ग्रामीणों ने कहा कि गांव के एक व्यक्ति ने लोकेश को अपने घर बुलवाया था। वहां उन्होंने लोकेश के साथ मारपीट की है। इसी मारपीट की वजह से उसकी मृत्यु हुई है। उनका यह भी कहना था कि लोकेश की हत्या हुई है, और इसमें कम से कम तीन लोगों का हाथ है। जबकि पुलिस ने महज एक व्यक्ति को ही हिरासत में लिया है। उन्होंने मांग की कि पुलिस लोकेश की मौत के मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करने के साथ ही बाकी दोनों आरोपियों की भी तत्काल गिरतारी करे। इस पर कोतवाल नेगी का कहना था कि मृतक के शरीर पर किसी भी तरह की चोट का निशान नहीं है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने पर पुलिस उसी के मुताबिक कार्रवाई करेगी। उन्होंने बाकी दोनों आरोपियों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ करने का आश्वासन दिया। इस पर ग्रामीण वापस चले गए।