December 5, 2025

हल्द्वानी नगर निगम लाइब्रेरी पर एनएसयूआई का प्रदर्शन

हल्द्वानी। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नगर निगम पुस्तकालय की जगह कांप्लेक्स निर्माण के लिए जाने का विरोध किया है। कार्यकर्ताओं ने लाइब्रेरी के आगे सांकेतिक प्रदर्शन कर यहां डिजिटल लाइब्रेरी बनाने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने नगर निगम पर पं. गोविंद वल्लभ पंत की एतिहासिक निशानी बर्बाद करने का आरोप लगाया। रविवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने नगर निगम लाइब्रेरी के आगे प्रदर्शन किया। जि़लाध्यक्ष विशाल भोजक ने कहा कि हल्द्वानी में सैकड़ों कांप्लेक्स बन रहे हैं। मगर चार लाख से अधिक आबादी वाले शहर में एक लाइब्रेरी तक नहीं है। जो जर्जर लाइब्रेरी है, उसे सुधारने के बजाए नगर निगम तोडऩे पर तुला है। शहर के युवाओं की लाइब्रेरी की मांग को पूरा किया जाना चाहिए। यहां जि़ला उपाध्यक्ष मो. सलीम, जि़ला सचिव नाजि़म अंसारी, हल्द्वानी ब्लॉक अध्यक्ष दीपक बिष्ट, राहुल बिष्ट, सुरेंद्र सिंह फर्सवाण, देवेंद्र धोनी, रवि नेगी, रोहित आर्य, प्रमोद पडियार आदि रहे।