March 24, 2026

रिठाड़ के नवयुवकों ने किया माँ कालिका मंदिर व शिव मंदिर में हरेले पर वृक्षारोपण

 

बागेश्वर गरुड़ ।  उत्तराखंड के लोकपर्व हरेले पर आज तहसील गरुड़ के रिठाड़ ग्राम में गाँव के नवयुवकों व विद्यार्थियों सहित अनेक ग्रामीणों ने एक बृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया।

आज प्रातः ही गाँव के सभी नवयुवकों ने ग्रामदेवी माँ कालिका के प्रांगण में जमा होकर सामुहिक पूजा अर्चना की और उसके बाद सभी ने मिलकर माँ कालिका के मंदिर परिसर के किनारों पर बड़े 2 गड्ढे खोदकर उनमे देवदार, जामुन , मोरपंखी सहित अनेक प्रजातियों के छायादार व सगंध पौधों का रोपण किया।

माँ कालिका मन्दिर परिसर में पौधरोपण उपरांत सभी नवयुवकों ने वृक्षारोपण हेतु ग्राम में ही परम् पावन स्थान सारे क्षेत्र के आराध्य देव प्राचीन शिव मंदिर का रुख किया जहाँ पहुँचकर अपने आराध्य देव के दर्शन कर शिव मंदिर परिसर में भगवान भोलेनाथ के सबसे प्रिय वृक्षों में से एक पवित्र  रुद्राक्ष , पारिजात के पौधों का रोपण किया।

रुद्राक्ष के अतिरिक्त परिसर में चंदन व अनेक सुगन्धित फूलों के पौधों का भी भक्ति पूर्वक रोपण किया गया । वही दूसरी तरफ वन पंचायत में भी बाज फल्यात  व शीशम सहित अनेक प्रजाति के पौधे रोपे गए।

इस अवसर पर वन पंचायत विकास समिति के जिलाध्यक्ष अर्जुन राणा ने समस्त नवयुवकों का आभार जताते हुए कहा कि आज लगाए गए ये पौधे भविष्य में हमारी आगामी पीढ़ी की एक वसीयत साबित होंगे और हम सबको इन पेड़ों की रक्षा करने का संकल्प लेना होगा।

इस अवसर पर मंदिर पुजारी उमेद सिंह , किसन गिरी लच्छ गिरी केदार सिंह नन्दन सिंह किरमोलिया  गणेश सिंह राणा हरीश सिंह राणा प्रताप सिंह राणा अशोक सिंह राणा कैलाश सिंह राणा  गोलू कन्नू सहित अनेक बच्चों ने भी बढ़चढ़कर अपना सहयोग देकर वृक्षारोपण कार्यक्रम को सफल बनाया।