गरुड़ में जिला पंचायत ने कराई टीटबाजार में कूड़े की सफाई
बागेश्वर गरुड़ । जिला पंचायत ने टीटबाजार में कूड़े की सफाई करा दी है। इससे व्यापार संघ को राहत मिल गई है। दीपावली के पर्व पर जिला पंचायत ने लोगों को स्वछता का संदेश भी दिया। जिला पंचायत की टीम कूड़ा गाड़ी लेकर टीटबाजार पहुंची। टीम ने जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर उठाए और सफाई कर दी। इससे व्यापार संघ को कूड़े की समस्या से कुछ हद तक राहत मिल गई है। कूड़े के निस्तारण की समस्या व्यापार संघ के नासूर बनती जा रही है। कूड़े से कत्यूर घाटी की सुंदरता पर धब्बा लग रहा है। कूड़े के ढेरों से उठती बदबू से आए दिन लोग व पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिला पंचायत के द्वारा सफाई कराने के बाद लोगों को बदबू से निजात मिल गई है। व्यापार संघ के अध्यक्ष प्रेम सिंह नेगी ने जिला पंचायत का आभार व्यक्त करते हुए कूड़े का स्थायी समाधान करने की मांग की है। उन्होंने लोगों से भी जगह-जगह कूड़ा फेंकने के बजाय अपने घरों में ही कूड़े का निस्तारण करने की अपील की है। इस दौरान जिला पंचायत के कर्मचारी जीवन सिंह अलमिया, व्यापार संघ के अध्यक्ष प्रेम सिंह नेगी आदि मौजूद थे। इधर जिला पंचायत की अध्यक्ष बसंती देव ने लोगों से कूड़ेदानों में कूड़ा डालने को कहा है। उनका कहना है कि जिला पंचायत कूड़े के निस्तारण के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है। उन्होंने कत्यूर घाटी समेत जनपद की स्वछता के लिए लोगों से सहयोग की अपील की है।
