June 27, 2026

रैंथल के ग्रामीणों ने लगाया कपकोट-पिंडारी रोड पर जाम 

बागेश्वर। रैंथल के ग्रामीणों ने दो बार सर्वे होने के बावजूद सड़क का निर्माण शुरू न होने पर नाराजगी जताते हुए कपकोट-पिंडारी रोड पर जाम लगाया। इस बीच तहसील और पुलिस प्रशासन ग्रामीणों को मनाने का प्रयास करता रहा लेकिन ग्रामीण विधायक से बात किए बिना सड़क छोडऩे के लिए राजी नहीं हुए। आखिरकार विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने मौके पर जाकर छह महीने के भीतर सड़क का निर्माण शुरू करवाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीण सड़क से हटे। रैंथल-ओलिंग-भैरू-ओखलधार सड़क की मांग लंबे समय से चल रही है। वर्ष 2012 में सड़क निर्माण के लिए सर्वे होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीणों ने फिर से आवाज बुलंद की। जिसके आधार पर साल 2017 में दोबारा सर्वे किया गया लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। दो बार सर्वे होने के बाद भी सड़क नहीं बनने से ग्रामीणों में शासन और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी बढ़ गई। पिछले साल 21 दिसंबर को ग्रामीणों ने रैंथल गांव में प्रदर्शन कर सड़क का निर्माण शुरू कराने की मांग की। जिसके बाद साल के अंतिम दिन 31 दिसंबर को डीएम को ज्ञापन भेजा गया। जिसमें सड़क की मांग को लेकर चार जनवरी को तुड़तुडिय़ा के पास सड़क जाम करने की चेतावनी दी गई। मांग पूरी न होने पर सोमवार सुबह दस बजे से ग्रामीण तुड़तुडिय़ा के पास सड़क जाम करके बैठ गए, हालांकि पूर्व सूचना होने पर कपकोट के एसडीएम प्रमोद कुमार, एसओ कैलाश बिष्ट और एलआईयू के मोहन लाल मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने आंदोलनकारियों को कई बार समझाने और बीच-बीच में जाम खुलवाने का प्रयास किया लेकिन ग्रामीण सड़क की मांग को लेकर प्रदर्शन पर अडिग रहे। इधर, सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद विधायक बलवंत सिंह भौर्याल साढ़े 11 बजे मौके पर पहुंचे। उन्होंने छह माह के भीतर सड़क का निर्माण कार्य शुरू करवाने की बात कही। जिसके बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू, ग्राम प्रधान कुंती देवी, मनोज शाही, नरेंद्र सिंह, मोहन शाही, लछम सिंह, शांति देवी, दर्वान सिंह, उमा देवी, चंचल सिंह, प्रकाश शाही समेत 50 से अधिक ग्रामीण मौजूद रहे।
रैंथल-ओखलधार सड़क को सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। आंदोलन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत के दौरान उनकी नाराजगी को दूर करते हुए छह महीने के भीतर सड़क कटान का आश्वासन दे दिया है। जल्द ही रोड का निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। -बलवंत सिंह भौर्याल, विधायक कपकोट।