March 26, 2026

मानदेय बढ़ोत्तरी की मांग को जलसंस्थान अंश कालिक मजदूर संघ ने किया प्रदर्शन 

बागेश्वर। जलसंस्थान अंश कालिक मजदूर संघ ने मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनके पत्र का संज्ञान लिया है और डीएम के माध्यम से वस्तुस्थित से अवगत कराने को कहा है, लेकिन अफसर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। जल्द मानदेय न बढऩे पर उन्होंने आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। सोमवार को जलसंस्थान अंश कालिका मजूदर संघ के अध्यक्ष धरम सिंह कार्की के नेतृत्व में मजदूर नुमाइशखेत मैदान में एकत्र हुए। उन्होंने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि जिले में 150 अशंकालिक मजदूर हैं। उन्हें 2800 रुपये मानदेय मिल रहा है। पानी खोलना, बंद करना, पेयजल लाइनों की देखरेख और मरमत भी वे करते आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर घर नल से जल की बात कर रही है, लेकिन उनका मानदेय बढ़ाने के लिए कोई प्रयास नहीं हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि गत दिनों मजदूर संघ ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा था। उन्होंने उनकी समस्या सुनी है और डीएम के माध्यम से रिपोर्ट मंगाई है, लेकिन अभी तक उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने पत्र का संज्ञान लेने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। कहा कि महंगाई के दौर में अल्प मानदेय से उनका और उनके परिवार का भरण-पोषण नहीं हो सकता है। इस मौके पर हरीश चंद्र कंसेरी, मोहन चंद्र पंत, नंद किशोर जोशी, ललित सिंह नेगी, धन नाथ, विशन राम, काशी राम, शिव लाल, कैलाश चंद्र, बसंत लाल, चंचल सिंह, भूपाल राम, शेर सिंह आदि लोग मौजूद थे।