Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 30, 2026

सुमना में रेस्क्यू आपरेशन लगातार जारी ….एक और शव बरामद  -सेना के हैलीकॉप्टर द्वारा 11 मृतकों के शव रेस्क्यू कर जोशीमठ लाए गए

 

चमोली। चमोली के आपदा प्रभावित क्षेत्र सुमना में रेस्क्यू आपरेशन लगातार जारी है। रविवार को घटना स्थल से एक और शव बरामद किया गया। वायु सेना के हैलीकॉप्टर द्वारा सुमना से 11 मृतकों के शव रेस्क्यू कर जोशीमठ लाए गए। जिला प्रशासन की पूरी टीम मुस्तैदी से राहत कार्यो में जुटी है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया एवं पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान विगत शनिवार से जोशीमठ में कैंप कर हर पल रेस्क्यू कार्यो की मॉनिटंिरंग कर रहे है। जिला प्रशासन लगातार सेना, आईटीबीपी और बीआरओ से समन्वयन बनाकर आपदा की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। जोशीमठ में शवों का पोस्टमार्टम के लिए शव वाहन सहित पोस्टमार्टम टीम तैनात की गई है। जिलाधिकारी ने परिजनों को शवों की सुपुर्दगी करने तथा सभी मृतकों का शीघ्र मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के भी निर्देश दिए है ताकि मृतकों के परिजनों को मानक के अनुसार जल्द से जल्द अनुमन्य सहायता राशि दी जा सके। तहसील प्रशासन ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बीआरओ, आईटीबीपी, एसडीआरएफ के जवान बर्फ हटाकर सडक मार्ग खोलने में दिनरात जुटे है। आपदा प्रबंधन अधिनियम के अन्तर्गत क्षति का आंकलन करने हेतु रविवार को आईजी एलओ मुर्गेशन, जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया, पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चैहान एवं राजस्व टीम ने हैली से घटना स्थल पर पहुॅचने का प्रयास भी किया परंतु विकट परिस्थितियों के कारण सुमना में हैली लैंड नही हो सका। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने सुमना में चल रहे रेस्क्यू कार्यो की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि सुमना में 384 लोग सुरक्षित मिले है और 11 लोगों के शव बरामद कर लिए गए है। जिनको सीएचसी जोशीमठ लाया गया है। यहां पर सभी शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। इसके लिए जिला प्रशासन ने जोशीमठ में पोस्टमार्टम टीम सहित शव वाहन तैनात किया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को एसडीआरएफ मानको के अनुसार सहायता धनराशि दी जाएगी। सुमना मे हिमस्खलन मे 7 घायलो को कल रेस्क्यू किया गया। जिसमे से 6 को आर्मी अस्पताल जोशीमठ मे भर्ती किया गया और एक घायल को देहरादून रेफर किया गया था। आज एक अन्य घायल व्यक्ति को जोशीमठ अस्पताल से देहरादून रेफर किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि घटना स्थल पर रेस्क्यू का कार्य लगातार जारी है साथ ही सडक से बर्फ हटाकर मार्ग खोलने के लिए भी युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। यहां पर सेना, आईटीबीपी, बीआरओ, जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ के द्वारा मौके पर राहत एवं बचाव कार्य किये जा रहे है। सुमना हिमस्खलन में दबने से जिन लोगों की मृत्यु हुई है उनमें मनोज तोमदार, मसीहा दास मार्की, साजन कंडुलना, पाल कंडुलना, नायरन कंडुलना, हनूक कंडुलना, निर्मल सैंदिल, सुखराम मुंडा, रोहित सिंह, तारनी सिंह, राहुल कंवर शामिल है।

You may have missed

Advertisement