Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026

जिपं सदस्यों का धरना जारी -एएमए, इंजीनियर व लेखाकार पहुंचे मनाने, नहीं बनी बात

बागेश्वर। बजट आवंटन में अनियमितता दूर करने की मांग को लेकर नौ जिला पंचायत सदस्यों का धरना प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। आंदोलनकारियों को मनाने के लिए एएमए, इंजीनियर और लेखाकार पहुंचे, लेकिन एक घंटे की वार्ता बेनतीजा रही। सदस्यों ने कहा कि जब तक वित्तीय अनियमितता दूर करने का लिखित आश्वासन नहीं मिलता तब तक वह आंदोलन से नहीं उठेंगे। सोमवार को आंदोलित सदस्य जिला पंचायत परिसर में पहुंचे और धरने पर बैठ गए। अपराह्न एक बजे एएमए डॉ. सुनील कुमार, इंजीनियर एसएस कुटियाल तथा लेखाकार गोविंद भौर्याल के साथ वित्तीय परामर्शदाता धीरेश पांडेय आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलित सदस्यों से धरना समाप्त करने की अपील की। एक घंटे तक वह उन्हें मनाते रहे, लेकिन सदस्य नहीं माने। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत में बजट आवंटन में जो अनियमितता हो रही है उसे ठीक किया जाए। इसका लिखित आश्वासन के बाद ही वह उठेंगे। सदस्यों के आंदोलन के चलते कार्यालय में सन्नाटा पसरा रहा। इस मौके पर जिपं उपाध्यक्ष नवीन परिहार, हरीश ऐठानी, सुरेश खेतवाल, वंदना ऐठानी,गोपा धपोला, रूपा कोरंगा आदि मौजूद रहे।

Advertisement