Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने किये महासू देवता के दर्शन   -भाजपा की डबल इंजन सरकार हर मोर्चे पर फेल : प्रीतम सिंह


विकासनगर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह ने रविवार को महासू देवता के दर्शन किए। उन्होंने देवता के समक्ष मत्था टेककर देश में सुख समृद्धि की कामना की। इसके बाद उन्होंने क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। क्षेत्र भ्रमण पर निकले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष एवं चकराता विधायक ने रविवार सुबह अपने परिवार के साथ हनोल पहुंचकर महासू देवता के दर्शन किये। विधि विधान से पूजा अर्चना के साथ उन्होंने देवता से देश में सुख समृद्धि की मन्नतें मांगी। इसके बाद प्रेसवार्ता करते हुए उन्होंने भाजपा शासन काल में चरम पर पहुंची महंगाई और बेरोजगारी पर चिंता जताई। कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार के बावजूद प्रदेश और देश में विकास दूर-दूर तक दिखाई नहीं दे रहा है। जनता महंगाई के बोझ तले जरूर दब रही है। कहा कि भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों के चलते आज देश और प्रदेश में लोग रोजगार को तरस रहे हैं। लोगों के पास रोजगार नहीं है। साथ ही कोरोना ने लोगों के काम धंधे तक ठप कर दिए हैं। ऐसे में इस जन विरोधी सरकार को जड़ से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। उन्होंने जनता से अपील की कि आगामी विधानसभा चुनाव में इस जन विरोधी सरकार को खुद सबक सिखाए। इस मौके पर गंगोत्री के पूर्व विधायक विजयपाल सजवाण, अभिषेक सिंह, देव माली कमलेश सिंह चौहान, जनक सिंह, मुकेश रावत, जय किशन, नरेन्द्र नौटियाल, विक्रम आदि मौजूद रहे।

Advertisement