अधिशासी अभियंता पर बिना टेंडर के ठेका देने का आरोप
रुद्रपुर। बिना टेंडर के चहेतों को ठेका देने और फर्म के फर्जी लेटर का इस्तेमाल करने का गंभीर आरोप ग्रामीण निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल कुमार गुप्ता पर लगा है। मामला तब सामने आया जब गदरपुर के बठला कॉन्ट्रेक्टर के प्रोपराइटर रिषभ बठला ने शिकायती पत्र डीएम को दिया। डीएम ने भी मामले को संज्ञान में लेकर जांच सीडीओ को सौंपी है। प्रोपराइटर रिषभ बठला ने डीएम रंजना राजगुरु को शिकायती पत्र सौंपकर ईई अनिल कुमार गुप्ता पर केवल कोटेशन के आधार पर गदरपुर के ही पवन कुमार दीपक कुमार फर्म को चीनी मिल में स्थित 11 भवनों की मरमत के कार्य का ठेका देने के साथ ही खुद की फर्म के फर्जी लेटर पैड के इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। रिषभ ने बताया कि अधिशासी अभियंता द्वारा 70 लाख 50 हजार के कार्यों के लिए कोटेशन तक आमंत्रित नहीं किए गए और फर्जी तरीके से कोटेशन में उनकी फर्म के फर्जी लेटर पैड को लगाया है। लेटर पैड पर तारीख तक नहीं है। वहीं पवन कुमार, दीपक कुमार फर्म का कोटेशन तो केवल एक सादे पन्ने पर विभाग को मिला और सादे पन्ने पर कोटेशन देने वाले पवन कुमार दीपक कुमार को लगभग 70 लाख 50 हजार का कार्य भी मिल गया।
