देहरादून में होगा संस्कृति समागम: मर्तोलिया
बागेश्वर। अपनी संस्कृति अपनी अमूल्य धरोहर लोक कला, हमारे परंपरागत वाद्य यंत्रों को संजोए रखने के लिए 23 एवं 24 सितंबर को देहरादून में संस्कृति समागम का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए आगामी सात सितंबर को केदारेश्वर मैदान में विभिन्न ग्राम पंचायतों से आये वाद्य यंत्र कलाकारों का चयन होगा। शुक्रवार को अपनी धरोहर सोसायटी के अध्यक्ष व अनुसूचित जन जाति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश सिंह मर्तोलिया ने कहा उनका प्रयास है पहाड़ की संस्कृति (ढोल, दमाऊ, हुड़का, मशकबीन) आदि वाद्य यंत्रों का संरक्षण किया जाए। उन्होंने कहा इसके बाद जिला स्तर पर प्रतियोगिता कराई जाएगी। जनपद स्तर पर प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों का यात्रा भत्ता स्वयं प्रतिभागियों को वहन करना होगा, उनकी केवल भोजन की व्य्वस्था होगी। कहा जनपद स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को प्रदेश स्तर पर मौका मिलेगा। उनके यात्रा भत्ता, भोजन व्यवस्था, ठहरने की व्यवस्था आदि आयोजक द्वारा किया जायेगा। उन्होंने कहा हमारा प्रयास इन वाद्यों और इन्हें बजानेवालों को पेशेवर रूप देकर इन्हें मान्यता दिलाने की है एवं देवभूमि की विलुप्त होती लोककलाओं का संरक्षण करना है। कहा प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाली टीम को क्रमश: 51 हजार, 31 हजार और 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।
