Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 8, 2026

मोनांक पटेल बने अमेरिका की टी-20 टीम के कप्तान

न्यूयॉर्क , । भारतीय मूल के विकेटकीपर बल्लेबाज मोनांक पटेल को अमेरिका की टी-20 क्रिकेट टीम का कप्तान बनाया गया है। वहीं मध्य क्रम के बल्लेबाज आरोन जोन्स को टीम का उप कप्तान नियुक्त किया गया है।
अमेरिका क्रिकेट की ओर से उन्हें सौरभ नेत्रवलकर की जगह पर यह जिम्मेदारी दी गई है। मोनांक अब नवंबर में आईसीसी अमेरिका टी-20 विश्व कप क्वालीफायर में अमेरिकी टीम का नेतृत्व करेंगे। उल्लेखनीय है कि पूर्व कप्तान नेत्रवलकर की कप्तानी में अमेरिका ने आईसीसी क्रिकेट विश्व कप लीग दो के अपने पिछले नौ मैचों में से आठ हारे थे। वहीं उनकी कप्तानी में 2019 में कनाडा और बरमूडा ने आईसीसी अमेरिका क्वालीफायर में दो बार अमेरिका को हराया था। इन दो मुकाबलों में हार के कारण अमेरिका टी-20 विश्व कप ग्लोबल क्वालीफायर में जगह सुनिश्चित नहीं कर सका था। नेत्रवलकर की कप्तानी बेशक ठीक न रही हो, लेकिन उन्होंने गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया है।
वहीं मोनांक की बात करें तो उन्होंने सितंबर 2018 में पनामा के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। उसके बाद से वह सभी प्रारूपों में अमेरिकी टीम में मौजूद हैं। पिछले कुछ समय से वह वनडे क्रिकेट में टीम के लिए लगातार रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं। मोनांक ने इस साल ओमान में खेले गए छह वनडे मैचों में 59.5 की बेहतरीन औसत के साथ 238 रन बनाए थे। उनके इस प्रदर्शन में एक शतक और एक अर्धशतक भी शामिल है।
उल्लेखनीय है कि अमेरिका ने अपनी टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम में पांच बदलाव किए हैं। ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के तेज गेंदबाज अली खान ने दो साल के लंबे अंतराल के बाद अमेरिकी टीम में वापसी की है। उन्होंने अप्रैल 2019 में अमेरिकी के लिए आखिरी मैच खेला था। उनके अलावा इयान हॉलैंड की भी टीम में वापसी हुई है।

You may have missed

Advertisement