August 29, 2026

पवनदीप राजन और अरुणिता कांचीलाल ने की ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना


रुद्रप्रयाग। इंडियन आइडल के विजेता पवनदीप राजन एवं अरुणिता कांचीलाल ने रविवार को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने यहां स्थानीय लोगों से मुलाकात की। साथ ही मंदिर की सुंदरता को देखकर वह आनंदित हुए। रविवार को सुबह स्वर सम्राट पवनदीप राजन एवं स्वर कोकिला अरुणिता कांचीलाल ने ऊखीमठ आकर ओंकारेश्वर मंदिर में पूजा-अर्चना की। बताया जा रहा है कि एक दो दिन वह केदारघाटी के मंदिर एवं यहां की सुंदरता से परिपूर्ण पर्यटक स्थलों की सैर करेंगे। उनके यहां पहुंचते ही कुछ स्थानीय लोगों ने उनसे मुलाकात की साथ ही उनका स्वागत किया। इस दौरान पवनदीप ने पहाड़ की सुंदरता की प्रशंसा की। कहा कि वह स्वयं पहाड़ की माटी से जुड़े हैं इसलिए यहां के प्रति उनके मन में अत्यधिक प्रेम हैं। उन्होंने केदारघाटी की सुंदरता की जमकर प्रशंसा की। इधर, सोशल मीडिया में उनके त्रियुगीनारायण जाने की भी चर्चाएं की जा रही हैं। हालांकि इस मामले पर उनसे कोई बात नहीं हो पाई है।