Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026

बागेश्वर कांग्रेस में बालम के बाद भैरवनाथ उतरे बगावत पर


बागेश्वर। बालकृष्ण के बाद कांग्रेस के दूसरे प्रत्याशी भैरवनाथ के भी बगावती सुर तेज हो गए हैं। उन्होंने पार्टी पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र खरीदा है। दो-दो-दावेदारों के बगावत पर उतरने से कांग्रेस की मुसीबत बढ़ने लगी है। अब कांग्रेस इसे कैसे मैनेज करेगी यह समय के साथ ही पता लग पाएगा। मालूम हो कि बागेश्वर से कांग्रेस की ओर से बालकृष्ण, रंजीत दास तथा भैरवननाथ ने दावेदारी की थी। रंजीत दास का टिकट फाइनल हो गया। रविवार को बालकृष्ण ने टिकट नहीं मिलने पर नाराजगी जताई और पत्रकार वार्ता कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव मैदान में कूदने की धमकी दे डाली। इसके बाद पार्टी अभी उभरी भी नहीं की दूसरे प्रत्याशी भैरवनाथ के बगावती सुर तेज हो गए हैं। उन्होंने सोमवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में आवेदन पत्र ले लिया है। उनका कहना है कि जब पर्यवेक्षक की सूची में उनका नाम था तो अंतिम समय में कैसे कट गया। यह किसी भी कार्यकर्ता को हजम नहीं हो रहा है। अब वह पार्टी छोड़कर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतरेंगे। उन्होंने आवेदन पत्र भी ले लिया है। दो-दो दावेदारों के बगावती होने से पार्टी के सामने चुनौती खड़ी हो गई है।

Advertisement