August 31, 2026

रिठाड़ पेयजल योजनाNEW UPDATE : पेयजल निगम की सहायक अभियंता अंजलि नेगी ने किया मौका मुआयना, ठेकेदार को दिए सख्त निर्देश, ग्रामीणों ने जताया आभार

बागेश्वर गरुड़ । विगत दिनों गरुड़ विकास खण्ड के रिठाड़ ग्राम में पेयजल निगम के ठेकेदार द्वारा गाँव के जल स्रोत को करीब 15 मीटर आगे बढ़ाए जाने व जल संस्थान की पाईप लाईन एवं 6 माह पूर्व बनी टँकी चैम्बर को तोड़ दिए जाने को लेकर गाँव के समस्त ग्रामीणों ने स्रोत पर जाकर जमकर नारेबाजी की थी और दोनों विभागों के शीर्ष अधिकारियों सहित जिलाधिकारी को भी अपनी नाराजगी का ज्ञापन सौपा था। जिसमे समस्त ग्रामीणों ने माँग की थी कि यदि तुरंत उपरोक्त समस्या का समाधान नही किया गया तो उन्हें आंदोलित होने पर मजबूर होना पड़ेगा।
उक्त शिकायत के संदर्भ में बागेश्वर जलसंस्थान के मुखिया सी एस देवड़ी ने पेयजल निगम के अधिशासी अभियंता को एक पत्र लिखकर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा था कि उक्त ठेकेदार के कार्यों की तत्काल जाँच कर सरकारी संपत्ति के नुकसान का उससे जुर्माना वसूला जाए। ओर साथ ही कृत कार्यवाही से उन्हें भी अवगत कराया जाए।
इन्ही शिकायतों के शंका समाधान करने को आज पेयजल निगम की सहायक अभियंता अंजलि नेगी ने अपने कर्मचारियों व ठेकेदार के साथ रिठाड़ पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण कर मौका मुआयना किया।
इस दौरान रिठाड़ के वहाँ पर उपस्थित समस्त ग्रामीणों ने तोड़े गए पाईप व टँकी के बारे में भी बताया । साथ ही गाँव वालों ने श्रीमती नेगी को उनके स्रोत पर ठेकेदार द्वारा किये गए घटिया निर्माण कार्य के बारे में भी बताया व दिखाया। जिसमे की ठेकेदार द्वारा स्थानीय बिना तोड़ी हुई रोड़ी बजरी का इस्तेमाल किया गया था। जिस पर ग्रामीणों ने अपनी सख्त नाराजगी जताई ।
साथ ही सभी गाँव वालों ने एकमत होकर मांग की कि उन्हें उनके पूर्व श्रोत से ही पानी की आपूर्ति की जाए।
इसपर सहायक अभियंता अंजलि नेगी ने ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए कि रिठाड़ पेयजल योजना का पानी उनके पूर्व स्रोत से दिया जाए और इसपर तत्काल काम शुरू किया जाए।श्रीमती नेगी ने ठेकेदार को कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने हेतु सख्त लहजे में हिदायत भी दी। उन्होंने कहा कि जो भी बैड टँकी निर्माण हेतू जहाँ भी बने उसमे क्रेशर की रोड़ी बजरी सहित लोहे की सरिया डालकर मजबूत बनाया जाना अति आवश्यक हैं । यदि कही पर ऐसा नही पाया जाता हैं तो उसे तोड़कर दोबारा बनाया जाएगा। उन्होंने सभी गाँव वालों से कार्य व कार्य की गुणवत्ता पर हरदम नजर बनाए रखने की भी अपील की जिससे कि सरकारी पैसे का दुरुपयोग नही हो सके।
उपस्थित सभी ग्रामीणों ने सहायक अभियंता को कहा कि जबतक उनके हैड का सही जगह व सही ढंग से कार्य पूर्ण नही हो जाता हैं तबतक गाँव मे ठेकेदार को अन्य काम न करने दिया जाए।
पेयजल स्रोत पर अर्जुन राणा बिसन सिंह केदार सिंह योगेश सिंह गोविंद सिंह कुंदन सिंह विनोद सिंह पूरण सिंह सहित दर्जनों नव युवक दिनभर डटे रहे।