Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 13, 2026

बागेश्वर में रात में मशीन चलाने पर खड़िया खान मालिकों को नोटिस


बागेश्वर। कांडा में रात में खड़िया के खान में जेसीबी मशीन चलाने व सड़क किनारे खड़िया के कट्टे रखने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्त हो गया है। उन्होंने ऐसे 14 खान मालिकों को नोटिस जारी किया है। नोटिस का संतोषजनक उत्तर नहीं आने पर कार्रवाई भी होगी। साथ ही प्रशासन खान मालिकों से शपथ पत्र भी भरवाएगा। प्रशासन के सख्त रुख के बाद खान संचालकों में हड़कंप मचा है।
मालूम हो कि गत दिनों तहसील के कई खानों में रात में जेसीबी से खनन कार्य होने की शिकायत की गई। इसका ग्रामीणों ने एक वीडियो भी वायरल किया था। शिकायत के बाद प्रशासन और खनन विभाग की टीम ने संयुक्त निरीक्षण किया तो लोगों की शिकायत सही मिली। इसके अलावा सड़क किनारे खड़िया के कट्टे भरे होने की भी पुष्टि प्रशासन ने की। इसके बाद प्रशासन ने 14 खान मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। तीन दिन के भीतर सभी खान मालिकों को शपथ पत्र भरकर जमा करने के निर्देश दिए हैं। जिसमें सूर्योदय से पहले व सूर्यास्त के बाद कहीं पर भी मशीनों से खनन नहीं करेंगे। साथ ही सड़कों पर खनन सामाग्री नहीं रखेंगे। यदि फिर भी आदेश की किसी प्रकार की अवहेलना होती है तहसीलदार की अगुवाई में छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। तहसीलदार महेश चंद्र तिवारी ने बताया कि 14 माइनों को नोटिस जारी किया है। यह क्षेत्र की अबतक की खनन विभाग व तहसील प्रशासन की सबसे बड़ी कार्रवाई है। तहसीलदार क्षेत्र के खान मालिकों को बुलाकर कानून का पालन करने की नसीहत दी है।

Advertisement