Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 29, 2026

बागेश्वर में चरस तस्करी का भंडाफोड़, 2.116 किलो चरस के साथ युवक गिरफ्तार

गासी रोड पर एसओजी की कार्रवाई, एक विधि विवादित किशोर संरक्षण में; तस्करी में इस्तेमाल पल्सर बाइक सीज

बागेश्वर। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत बागेश्वर पुलिस ने चरस तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत एसओजी की टीम ने गासी रोड के पास चेकिंग के दौरान 2.116 किलोग्राम अवैध चरस बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया, जबकि उसके साथ मौजूद एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर 13 अक्टूबर 2026 को एसओजी टीम ने पुलिस उपाधीक्षक कपकोट के पर्यवेक्षण में गासी रोड के समीप चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान मोटरसाइकिल संख्या UK02A 8565 को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में नीरज सिंह कोश्यारी (22 वर्ष), निवासी फरसाली वल्ली, के कब्जे से 2.116 किलोग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने बताया कि तलाशी की प्रक्रिया राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार पूरी की गई।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

मामले में थाना कपकोट में मुकदमा संख्या 68/26 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार युवक को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, मामले में शामिल विधि विवादित किशोर को नियमानुसार संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस अब चरस की खरीद-फरोख्त, उसके स्रोत और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार युवक के खिलाफ पूर्व में भी एक आपराधिक मामला दर्ज है।

एसओजी टीम की सराहना, पुरस्कार की घोषणा

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली एसओजी टीम में उपनिरीक्षक जीवन सामंत समेत छह पुलिसकर्मी शामिल रहे। कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए पुरस्कार देने की घोषणा की है।

बागेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई है।

नशे के खिलाफ पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

You may have missed

Advertisement