काशीपुर डिपो को मिली एंड्रायड टिकट मशीनें
काशीपुर। कुमाऊं जोन में सबसे पहले काशीपुर डिपो को एंड्रॉयड बेस्ड ईबीटीएम मशीन उपलब्ध हुई हैं। शुक्रवार को 50 मशीनें डिपो को सौंपी गई। देहरादून मुख्यालय से आए एजीएम भूपेश कुशवाहा, प्रदीप जैन, अर्जुन सिंह ने कुछ परिचालकों को इसका प्रशिक्षण दिया। इस मशीन में पुरानी ईबीटीएम मशीन की तरह बटन नहीं है। यह पूरी तरह से टच स्क्रीन वाली मशीन है। अब तक 42 मशीनों को दिल्ली, जयपुर, हरिद्वार, देहरादून जैसे लंबे रूटों के साथ लोकल रूटों पर परिचालकों को दे दिया गया है। ई-टिकटिंग प्रभारी दीपक जोशी ने बताया प्रत्येक मशीन में जीयो की सिम लगी हुई है। मशीन में यूटीसी की एप इंस्टालड है। इसकी मदद से टिकट काटी जाती हैं। मशीन में कैमरा भी लगा हुआ है। फिलहाल मशीनों का कैमरे का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। इस मशीन में कार्ड से पेमेंट की जा सकती है। जल्द ही इसमें यूपीआई के माध्यम से भी पैसों का भुगतान किया जा सकेगा। पुरानी मशीनों को वापस रीजन कार्यलय काठगोदाम भेजा जाएगा।
