Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 29, 2026

बिना पंजीकरण, डिग्री के चल रहा होम्योपैथी क्लीनिक सील


रुड़की।  स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लक्सर नगर के एक होम्योपैथी क्लीनिक पर छापा मारा। छापे के दौरान क्लीनिक संचालक इलाज करने संबंधी कोई डिग्री नहीं दिखा पाया। इस पर टीम ने क्लीनिक सील कर दिया। टीम ने कथित डॉक्टर के खिलाफ पुलिस को तहरीर भी दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात कह रही है।
शुक्रवार को जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. विकास ठाकुर टीम लेकर लक्सर कोतवाली पहुंचे। इसके बाद टीम ने कस्बा चौकी प्रभारी एसआई यशवीर सिंह नेगी, बुद्धि सिंह पंवार व सिपाहियों को लेकर क्लीनिक पर छापा मारा। टीम को महावीर चौहान पुत्र इंद्र सिंह निवासी कार्तिकेय कुंज कनखल (हरिद्वार) क्लीनिक चलाता मिला। टीम ने पूछताछ की पर वह किसी भी पद्धति से इलाज करने की कोई डिग्री या डिप्लोमा नहीं दिखा पाया। इसके बाद टीम ने कथित डॉक्टर व उसके क्लीनिक में काम करने वाली तीन महिला स्टाफ को क्लीनिक से बाहर निकाला और फिर क्लीनिक पर सील लगा दी। टीम प्रभारी डॉ. ठाकुर ने बताया कि किसी व्यक्ति ने महावीर होम्योपैथी क्लीनिक की शिकायत मुख्यमंत्री के पोर्टल पर की थी। मुख्यमंत्री कार्यालय के आदेश पर क्लीनिक के बारे मे गंभीरता से जांच कराई गई थी। पता चला कि इस नाम का कोई क्लीनिक स्वास्थ्य विभाग में पंजीकृत नहीं है। इसके बाद शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए सील करने की कार्रवाई की गई है। क्लीनिक पर सरकारी सील लगाने के बाद टीम सीधी कोतवाली पहुंची और संचालक को नामजद करते हुए तहरीर दी। चौकी प्रभारी नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा कायम किया जा रहा है। मुकदमे की विवेचना में पुलिस को जो साक्ष्य मिलेंगे, उन्हीं के मुताबिक आगे की कार्रवाई की जाएगी। टीम में डॉ. डीपी रतूड़ी, एहसान अली व आदेश कुमार शामिल थे।

You may have missed

Advertisement