Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

कांग्रेस ने राशन कार्ड की पात्रता पर सरकार को घेरा


टिहरी। कांग्रेसियों ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार को राशन कार्ड के पात्र-अपात्र निर्धारण पर जमकर घेरा। उनका कहना है कि गरीब जनता के साथ यह धोखा है। राशन के नाम पर वोट हासिल करने वाली भाजपा अब चुनाव परिणामों के बाद राशन देने से बचने को यह काम कर रही है। पात्र-अपात्र को उन्होंने राशन कार्ड धारकों का उत्पीड़न बताते हुए कहा कि नीति न होने के कारण राशन डीलरों के हालात भी बदत्तर हो गये हैं। प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कांग्रेसियों में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता शान्ति प्रसाद भट्ट, वरिष्ट अधिवक्ता आनन्द सिंह बेलवाल, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष दर्शनी रावत, मुशरफ अली, कुलदीप पंवार, देवेंद्र नौडियाल, नवीन सेमवाल आदि ने राशन कार्डों पर सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि विगत दिनों केन्द्र एवं राज्य सरकार ने खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत देय मुफ्त राशन कार्ड धारकों में अंतोदय, बीपीएल कार्डधारक और खाद्य सुरक्षा में बांटा हैं। अब उन्हें पात्र एवं अपात्र की श्रेणियों में बांटते हुए एपीएल कार्ड धारकों के लिए भी इनकम की सीमा तय की गई है। इसका कारण है कि भाजपा की केन्द्र और राज्य की सरकारों ने गरीब जनता का वोट मुफ्त राशन के नाम पर तो ले लिया, किंतु अब उन्हें मुफ्त राशन नहीं देना चाहती है, और उनके साथ धोखा कर रही है, तभी नए-नए नियम लाकर उन्हें मुफ्त राशन के कोटे से बाहर रखना चाहती है। जिन्होंने मुफ्त राशन के धोखे में भाजपा को वोट देकर विजय बनाया। वह अब अपने को ठगा महसूस कर रहे है। इससे यह बात भी स्पष्ट होती है कि भाजपा का चुनाव से पहले और चुनाव के बाद का चाल, चरित्र, और चेहरा अलग-अलग होता है।

Advertisement