Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 9, 2026

पंत एक खतरनाक बैटर हैं : पोंटिंग

पंत एक खतरनाक बैटर हैं : पोंटिंग
मुंबई, । ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने कहा है कि ऋषभ पंत को इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में भारत के आईसीसी टी20 विश्व कप अभियान का एक अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकेटकीपर-बल्लेबाज भारत के लिए असाधारण रूप से खतरनाक साबित होंगे, क्योंकि वहां सपाट और उछाल वाली पिचें हैं।
उन्होंने कहा, वह (पंत) एक अद्भुत खिलाड़ी है। वह भारत के लिए असाधारण रूप से खतरनाक साबित होंगे।
दिल्ली कैपिटल्स में पंत की प्रगति को देखने के बाद, ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने महसूस किया कि इस साल अक्टूबर-नवंबर में टी-20 विश्व कप के दौरान पंत को फ्लोटर के रूप में इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
पोंटिंग ने महसूस किया कि गतिशील और विस्फोटक क्रिकेटर को देखते हुए बाएं हाथ के बल्लेबाज के रूप में विशिष्ट भूमिका में पंत का उपयोग करना चाहेंगे।
००

)टीम के खिलाडिय़ों को सुनील के बिना खेलना शुरू करने की जरूरत : स्टिमक
कोलकाता, । भारतीय फुटबॉल टीम के मुख्य कोच इगोर स्टिमक चाहते हैं कि उनके आक्रामक खिलाडिय़ों को करिश्माई स्ट्राइकर सुनील छेत्री के बिना खेलने की आदत डालना सीखना होगा और साथ ही गोल भी करने होंगे।
छेत्री 37 साल के हैं और अपने करियर के अंतिम पड़ाव में हैं लेकिन भारत अब भी उन पर ही निर्भर रहता है जिनके दो गोल की मदद से टीम ने बुधवार को यहां कंबोडिया पर जीत दर्ज कर एशियाई कप क्वालीफायर अभियान शुरू किया।
स्टिमक ने कहा कि अब समय आ गया है जब खिलाड़ी जैसे उदांता सिंह, मनवीर सिंह, आशिक कुरूनियान, सहल अब्दुल समद और लिस्टन कोलासो को गोल करना शुरू करना होगा।
स्टिमक ने मैच के बाद कहा, फिर सुनील ने गोल किये। अन्य ने भी गोल करने की कोशिश की लेकिन वे तरीका नहीं निकाल सके। इसलिये मैं उम्मीद करता हूं कि लिस्टन, मनवीर, उदांता, आशिक और सहल गोल करें।  
उन्होंने कहा, इन सभी को गोल करना शुरू करना होगा। हमें सीखना शुरू करना होगा। बिलकुल सरल बात है – खिलाडिय़ों को सुनील के बिना खेलना सीखना शुरू करने की जरूरत है।  
स्टिमक ने कहा कि उदांता और आशिक अग्रिम पंक्ति में टीम के दो मुख्य हथियार हैं।
उन्होंने कहा, क्लब में वो भले ही कैसा भी खेलते हों, लेकिन मैं उन्हें यहां तेजी से खेलते हुए देखना चाहूंगा जिससे वे प्रतिद्वंद्वी को नुकसान पहुंचा सकें जो इसलिये मजबूत होते हैं क्योंकि हमारे पास चुनने के लिये खिलाडिय़ों का बड़ा पूल नहीं है।  
भारतीय कप्तान छेत्री ने कहा कि टीम के आक्रामक खेल दिखाने वाले खिलाड़ी कम रैंकिंग वाली कंबोडिया पर जीत में बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे।
छेत्री के दो गोल से टीम जीत दर्ज करने में सफल रही और इसकी बदौलत ग्रुप डी में गोल अंतर के मामले में हांगकांग से ऊपर पहुंच गयी।
उन्होंने मैच के बाद कहा, यह अच्छा लगता है, मुझे खुशी है कि हमारे खिलाफ गोल नहीं हुआ। काफी सारी चीजें हैं जिनमें हम बेहतर कर सकते थे। मैं सख्त नहीं होना चाहता लेकिन ऐसी बहुत सारी चीजें हैं जिसमें हम बेहतर कर सकते थे।  
००

(मैड्रिड)पुर्तगाल और स्पेन ने अपने-अपने मैच जीते
मैड्रिड,। पुर्तगाल और स्पेन ने अपने-अपने मैच जीतकर नेशन्स लीग फुटबॉल प्रतियोगिता के अंतिम चार में पहुंचने के लिये मुकाबला रोमांचक बना दिया।
पुर्तगाल ने चेक गणराज्य को 2-0 से हराकर लीग ए के ग्रुप दो में बढ़त बना रखी है जबकि स्पेन ने जेनेवा में स्विट्जरलैंड को 1-0 से हराकर अपनी पहली जीत दर्ज करके दूसरा स्थान हासिल कर लिया है।
पुर्तगाल अभी स्पेन से दो और चेक गणराज्य से तीन अंक आगे है। केवल ग्रुप की विजेता टीम ही अंतिम चार में जगह बनाएगी जबकि आखिरी स्थान की टीम निचली लीग में खिसक जाएगी।
पुर्तगाल के लिये जाओ कैंसेलो ने 33वें और गोंजालो गुइडेस ने 38वें मिनट में गोल किया। दूसरी तरफ पाब्लो सराबिया ने 13वें मिनट में गोल करके स्पेन को स्विट्जरलैंड पर बढ़त दिलाई। उनका यह गोल आखिर में निर्णायक साबित हुआ।
उधर लीग बी में नार्वे और स्लोवेनिया का मैच गोलरहित बराबर छूटा जबकि सर्बिया ने स्वीडन को 1-0 से हराया ।


(नईदिल्ली)एक कैच छूटने से ही मैच नहीं हारे : ईशान किशन
नईदिल्ली । रासी वान डेर डुसेन को श्रेयस अय्यर द्वारा जीवनदान दिया जाना भले ही दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में भारत पर भारी पड़ा हो लेकिन स्टार बल्लेबाज ईशान किशन का मानना है कि हार का ठीकरा इस पर फोड़ा नहीं जाना चाहिये ।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 211 रन बनाये लेकिन वान डेर डुसेन और डेविड मिलर के बीच नाबाद शतकीय साझेदारी की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने पांच गेंद बाकी रहते सात विकेट से जीत दर्ज की ।
मिलर ने 31 गेंद में 64 और वान डेर डुसेन ने 46 गेंद में 75 रन की नाबाद पारियां खेली । वान डेर डुसेन को 29 के स्कोर पर श्रेयस ने आवेश खान की गेंद पर जीवनदान दिया था जो भारत को महंगा पड़ा ।
इस बारे में पूछने पर मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में ईशान ने कहा , यह कहना गलत होगा कि उस कैच छूटने की वजह से ही हम मैच हारे । यह सही है कि कैच लपकने से मैच जीते जाते हैं लेकिन एक खिलाड़ी को दोषी ठहराना गलत होगा । हमें आकलन करना होगा कि गेंदबाजी में या क्षेत्ररक्षण में हमसे क्या गलतियां हुई।
उन्होंने कहा , हमें यह भी नहीं भूलना चाहिये कि दक्षिण अफ्रीका एक बेहतरीन टीम है और पिछले कुछ समय से शानदार प्रदर्शन कर रही है । वह अपनी पूरी मजबूत टीम लेकर यहां आये हैं और उनके पास बहुत अच्छे फिनिशर भी हैं । उन्हें जीत का श्रेय दिया जाना चाहिये ।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बाकी चार मैचों में इन दोनों बल्लेबाजों के खिलाफ भारत को खास रणनीति बनानी होगी ।
उन्होंने कहा , मिलर ने आईपीएल वाले अपने फॉर्म को जारी रखा है और अगर ये दोनों बल्लेबाज लय में आ जायें तो इन्हें रोकना बहुत मुश्किल होता है । निश्चित तौर पर हमें बाकी मैचों में इनके खिलाफ खास रणनीति बनानी होगी ।
अपने पदार्पण सत्र में आईपीएल खिताब जीतने वाली गुजरात टाइटंस के लिये मिलर ने 449 रन बनाये थे ।
अपनी अर्धशतकीय पारी के बारे में ईशान ने कहा , मेरा लक्ष्य शुरू ही से गेंदबाजों पर दबाव बनाना और पहली गेंद से ही आक्रामक खेलना था । मैने ढीली गेंदों को नसीहत दी और रनगति को आगे बढाया ।
रूतुराज गायकवाड़ के साथ पारी का आगाज करने वाले ईशान ने स्वीकार किया कि नियमित सलामी बल्लेबाज केएल राहुल और रोहित शर्मा के लौटने पर उनके लिये यह मौका मिलना मुश्किल होगा और वह इसकी अपेक्षा भी नहीं करते ।
उन्होंने कहा ,‘राहुल और रोहित विश्व स्तरीय बल्लेबाज हैं और इतने अनुभवी है । मैं इसकी अपेक्षा भी नहीं करता कि उनके लौटने पर मुझे पारी की शुरूआत करने का मौका मिलेगा । मेरा काम जब भी मौका मिले, अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है । बाकी चयनकर्ताओं का काम है ।
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज वान डेर डुसेन ने कहा कि आईपीएल में खेलने का उनके खिलाडिय़ों को काफी फायदा मिला है और जीत में इसकी अहम भूमिका रही ।
उन्होंने कहा , निश्चित तौर पर दो महीने यहां रहने से हम हालात के अनुकूल जल्दी ढल सके । इसके साथ ही भारतीय गेंदबाजों के बारे में भी पता था तो रणनीति बनाने में मदद मिली ।
मिलर के साथ अपनी साझेदारी के बारे में उन्होंने कहा , डेविड ने आईपीएल वाली लय यहां भी जारी रखी और गेंदबाजों पर शुरू से दबाव बनाया । उसके आक्रामक खेलने से मुझे क्रीज पर जमने में मदद मिली । हमने स्ट्राइक रोटेट करते हुए पारी को आगे बढाया और अंत तक डटे रहे । मैं खुशकिस्मत था कि मुझे जीवनदान मिला और मैं उसे भुना सका ।

You may have missed

Advertisement