March 4, 2026

जिलाधिकारी ने ली खेल महाकुम्भ की बैठक

 

बागेश्वर ( आखरीआंख समाचार ) जिलाधिकारी रंजना राजगुरू ने आज कलैक्ट्रेट में जनपद स्तर पर आयोजित होने वाले खेल महाकुम्भ 2018 के तैयारियों के लिए बैठक ली। जिलाधिकारी ने बैठक लेते हुए कहा कि राज्य में खेलों के विकास व युवाओं में खेल संस्कृति को विकसित करने के लिए खेल महाकुम्भ का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेल महाकुम्भ में उभरते हुए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ ही प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मार्ग प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि प्रतिभावान खिलाडियों को इस खेल महाकुम्भ के माध्यम से जहॉ एक ओर सुनहरा अवसर प्राप्त होगा वहीं दूसरी ओर ऐसे आयोजन युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करेंगे। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कोर्इ भी खिलाड़ी खेल प्रतियोगिता में भाग लेने से वांचित न रहे, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाय। उन्होंने खेलों के आयोजन हेतु चयनित स्थानों पर जो भी व्यवस्थायें की जानी है उसे समय से पूर्ण करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि जिस स्थान पर खेल का आयोजन किया जायेगा उस स्थान पर स्वास्थ्य विभाग चिकित्सकों की टीम तथा पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था एवं शिक्षा विभाग खेलों में बच्चों को प्रतिभाग कराने के साथ ही अन्य सम्बन्धी विभाग जो खेल आयोजन समिति में लिये गये है वे यथोचित्त कार्यवाही करना सुनिश्चित करेंगे। प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी अर्जुन सिंह रावत ने बताया कि 15 दिसम्बर से 20 दिसम्बर 2018 तक न्याय पंचायत स्तर, 21 दिसम्बर से 26 दिसम्बर 2018 तक ब्लाक स्तर एवं 27 दिसम्बर से 04 जनवरी 2019 तक जनपदस्तरीय विभिन्न आयु वर्गों में खेलकूल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जायेगा। जिला युवा कल्याण अधिकारी ने बैठक में बताया कि खेल महाकुम्भ के आयोजन के लिए जनपद स्तरीय/ब्लाक स्तर/न्याय पंचायत स्तर पर खेलों के आयोजन के लिए आयोजन समिति का गठन किया गया है जो खेलों का आयोजन करायेंगे।
जिलाधिकारी ने जिला युवा कल्याण अधिकारी को खेल महाकुम्भ के आयोजन की सूचना ग्राम पंचायत एवं न्याय पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, युवक मंगल दलों, खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को समय से प्रेषित करने के निर्देश दिये। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी एस.एस.एस.पांगती, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 जे.सी.मण्डल, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरीश चन्द्र सिंह रावत, जिला पंचायत राज अधिकारी पूनम पाठक, कोतवाल तिलक राम वर्मा, अधि0अधि0नगरपालिका बागेश्वर राजदेव जायसी आदि मौजूद थे।