March 28, 2024

राहुल ने तेलंगाना में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के पांचवें दिन स्कूली छात्रों के साथ दौड़ लगाई


जडचर्ला। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की अगुवाई कर रहे राहुल गांधी रविवार को पदयात्रा के दौरान अचानक कुछ स्कूली छात्रों के साथ दौडऩे लगे।
राहुल के अचानक दौडऩे के कारण उनके सुरक्षा कर्मी, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी और अन्य लोगों ने भी दौडऩा शुरू कर दिया।
कांग्रेस पार्टी के सूत्रों ने बताया कि राहुल ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ रविवार सुबह जडचर्ला से पदयात्रा शुरू की और उनके 22 किलोमीटर का सफर तय करने की उम्मीद है। तेलंगाना में कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का यह पांचवां दिन है।
राहुल रविवार की पदयात्रा संपन्न करने से पहले शाम को शादनगर के सोलीपुर जंक्शन में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
उन्होंने शनिवार रात को जडचर्ला एक्स रोड जंक्शन पर रुकने से पहले 20 किलोमीटर से अधिक की पदयात्रा की थी।
यात्रा तेलंगाना के सात लोकसभा और 19 विधानसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए कुल 375 किलोमीटर की दूरी तय करेगी, जिसके बाद यह सात नवंबर को महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी। चार नवंबर को यात्रा एक दिन का विराम लेगी।
वायनाड से सांसद राहुल ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान खेल, व्यवसाय और मनोरंजन क्षेत्र की हस्तियों के साथ-साथ विभिन्न समुदायों के बुद्धिजीवियों और नेताओं से मुलाकात करेंगे।