June 19, 2026

धूमधाम से मनाया गया ग्यास पर्व, उमड़ा श्रद्धा का सैलाब


विकासनगर। डिमऊ गांव के भगवान परशुराम के प्राचीन मंदिर में शुक्रवार को ग्यास पर्व धूमधाम से मनाया गया। हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम के दर्शन कर खुशहाली की मन्नतें मांगी। इससे पूर्व आयोजित सांस्कृतिक संध्या में रातभर ग्रामीण लोक गीतों पर थिरकते रहे। कालसी ब्लॉक के डिमऊ गांव से भगवान परशुराम के देव चिह्न गुरुवार को शाही स्नान के लिए रेणुका जी गए थे। शाही स्नान से देव चिह्नों के लौटने के इंतजार में गुरुवार रात से ही श्रद्धालुओं ने मंदिर प्रांगण में डेरा डाल दिया था। इसके चलते मंदिर में मन्नतें मांगने वालों का तांता लगा रहा। सुबह होते-होते भगवान परशुराम के दर्शनों को श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। करीब 11 बजे भगवान परशुराम के देव चिह्न शाही स्नान कर लौटे। इससे पूर्व श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए देव पालकी को भी गर्भगृह से बाहर निकाल दिया गया था। दिनभर मंदिर प्रांगण में भगवान परशुराम के जयकारें गूंजते रहे। इस दौरान मंदिर के वजीर जवाहर सिंह, देव माली भीम सिंह, रूप सिंह, सरदार सिंह, प्रताप सिंह, महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।

You may have missed