Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 17, 2026

गरुड़- बैजनाथ मोटरमार्ग में बने गड्ढों में भरा पानी


बागेश्वर गरुड़-। बैजनाथ सड़क में गोलू मार्केट के पास बने गड्ढों में नाली का पानी भर जाने से सड़क पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है। गंदे पानी के छींटों से स्कूली बच्चे व राहगीर परेशान हो गए हैं। आलम यह है कि जल संस्थान का नल लीकेज होने से भी नालियों का पानी सड़क पर बह रहा है। गोलू मार्केट में गोलू मंदिर के पास बने गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क पर चलना किसी खतरे से कम नहीं है। तीन साल से सत्रह करोड़ की लागत से कौसानी से बैजनाथ तक सड़क चौड़ीकरण व डामरीकरण का काम चला है। कछुवा गति से चल रहा काम लौबांज से आगे नहीं बढ़ पाया है। लेकिन गोलू मार्केट में तो सड़क का कोई सुधलेवा नहीं है। गरुड़ पुल के पास सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से दोपहिया वाहन चालकों व राहगीरों को खतरा हो गया है। वाहन चलते समय पानी के गंदे छींटों से स्कूली बच्चों के कपड़े गंदे हो रहे हैं। लोगों को इधर-उधर आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सिविल सोसाइटी के संरक्षक डीके जोशी, अध्यक्ष उमाशंकर भाकुनी, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष एडवोकेट ग्रीश कोरंगा , टैक्सी यूनियन के महेश बोरा, आदि ने लोनिवि से शीघ्र गड्ढों को भरने की मांग की है।

Advertisement