March 5, 2026

माल्टा का बेहतर समर्थन मूल्य न मिलने से किसान नाराज


रुद्रप्रयाग। पहाड़ी क्षेत्र में माल्टा के समर्थन मूल्य के प्रति सरकार मौन बैठी है। जबकि किसान लगातार माल्टा के समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। किसानों की माल्टा की फसल बेहतर विपणन व्यवस्था न होने से खराब हो रही है जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उत्तराखंड में हिमाचल की तर्ज पर माल्टा और अन्य फलों की बिक्री के दावे जरूर किए जाते हैं किंतु आज तक किसानों को अच्छा समर्थन मूल्य नहीं मिला है। वर्तमान में सी ग्रेड के माल्टे का समर्थन मूल्य 8 रुपया है जबकि इसके बढ़ाने के लिए किसान लगातार मांग कर रहे हैं। किसान नरेंद्र सिंह कंडारी ने कहा कि उनके खेतों में बड़ी मात्रा में माल्टा तैयार हैं किंतु न तो बेहतर समर्थन मूल्य है और न ही विपणन की व्यवस्था है जिससे आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि हिमाचल में सरकार सी ग्रेड का सेब खरीदती है, जबकि यहां किसान भी जागरूक है। और उन्हें विपणन की अच्छी जानकारी है, किंतु उत्तराखंड में ए, बी और सी ग्रेड के माल्टा के विपणन के प्रति सरकार कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं कर रही है। यहां किसान विपणन से अनभिज्ञ है उसे अभी तक ग्रेड का पता तक नही है। उन्होंने कहा कि अभी तक ब्लॉक, न्याय पंचायत मुख्यालयों में बनाए गए संग्रहण केन्द्रों के माध्यम से सी ग्रेड का थोड़ा ही माल्टा खरीदा जाता है। उन्होंने सरकार से शीघ्र माल्टा के समर्थन मूल्य घोषित करने और किसानों को माल्टे के विपणन की बेहतर व्यवस्था मुहैया कराने की मांग की है। इधर, जिला उद्यान अधिकारी योगेंद्र चौधरी ने बताया कि समर्थन मूल्य सरकार के स्तर से ही घोषित किया जाता है विभागीय स्तर पर इस मामले में कोई व्यवस्था नही है। केंद्रों में किसानों से माल्टा खरीदने की व्यवस्था सतत चल रही है।