September 20, 2024

अगस्त्यमुनि नगर से जुड़ेंगे चाका सहित अनेक गांव


रुद्रप्रयाग। पूर्वी चाका गांव को अगस्त्यमुनि नगर से जोड़ने के लिए मन्दाकिनी नदी पर ट्रॉली निर्माण के लिए रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी, केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत और जिपं अध्यक्ष अमरदेई शाह ने भूमि पूजन किया गया। जिला योजना से 25 लाख रुपये की लागत से लोनिवि द्वारा ट्रॉली का निर्माण किया जाएगा। जिससे चाका सहित दर्जन भर गांवों को इसका लाभ मिलेगा।
विधान सभा चुनाव से पूर्व रुद्रप्रयाग विधायक भरत चौधरी ने चाका गांव के ग्रामीणों से इस स्थान पर ट्रॉली लगाने का आश्वासन दिया था। भूमि पूजन के दौरान रुद्रप्रयाग विधायक ने कहा कि चाका गांव के लिए की गई पूर्व घोषणा आज साकार हो रही है जिसके लिए सभी क्षेत्रवासियों को बधाई है। वे शीघ्र इस स्थान पर पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन को भेजेंगे। अपने कार्यकाल पूरा होने से पहले पुल निर्माण की स्वीकृति का भी प्रयास करेंगे। वहीं दूसरी ओर केदारनाथ विधायक शैलारानी रावत ने भी अगस्त्यमुनि चाका पुल की मांग का समर्थन किया। कहा कि केदारनाथ आपदा में उनके द्वारा इस स्थान पर पुल निर्माण के लिए पांच करोड़ की स्वीकृति एल एंड टी कम्पनी के माध्यम से दिलाई थी, किंतु तब कुछ लोगो के विरोध के चलते यह धनराशि वापस चली गई। उन्होनें स्थानीय जनता से आम सहमति बनाने की अपील की ताकि शीघ्र पुल निर्माण किया जा सके। यह पुल केदारनाथ और रुद्रप्रयाग विधानसभा को जोड़ने में लाभकारी होगा। जबकि अगस्त्यमुनि नगर क्षेत्र के विस्तारीकरण में संभावनाए बढ़ेंगी। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह ने कहा जिला योजना में ट्रॉली के लिए धन स्वीकृत हुआ है, जिसका लाभ ग्रामीणों को मिलेगा। भविष्य में दोनों विधायकों के सहयोग से जिला पंचायत जनता के लिए और भी बेहतर कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम का संचालन हर्षवर्धन बेंजवाल ने किया। इस मौके पर ग्राम प्रधान चाका रूचि देवी, पूर्व प्रधान उमा देवी, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा दिनेश उनियाल, जिला उपाध्यक्ष भाजपा त्रिलोक सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष प्रधान संगठन विक्रम सिंह नेगी, जिला मंत्री भाजपा ओमप्रकाश बहुगुणा, सांसद प्रतिनिधि श्रीनंद जमलोकी, लोनिवि के अधिशासी अभियन्ता जीतसिंह रावत, सहायक अभियन्ता संजीव सैनी, भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष जेपी सकलानी, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अनिल कोठियाल, हरिहर रावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।