योग सीखने ऋषिकेश पहुंचीं मिस यूनिवर्स हरनाज संधू
ऋषिकेश। अध्यात्म, योग और आयुर्वेद के जरिए स्वास्थ्य लाभ पाने को मिस यूनिवर्स हरनाज संधू तीर्थनगरी पहुंचीं हैं। वह सात दिनों के निजी प्रवास पर यहां आई हैं। हरनाज के साथ उनकी माता भी हैं। मिस यूनिवर्स तपोवन के एक आरोग्यधाम में शारीरिक और मानसिक संतुलन बनाकर प्रसन्न और स्वस्थ रहने की जानकरियां भी हासिल कर रहीं हैं। आरोग्य धाम के योगी डॉ. अमृतराज उन्हें प्रशिक्षण देते हुए एक सप्ताह तक गंगातट पर योग की विभिन्न विधाओं का अभ्यास कराएंगे। धाम की आयुर्वेदाचार्य डॉ. नीलम अग्रवाल ने मिस यूनिवर्स हरनाज संधू को मन और प्राणशक्ति को शांत रखने के संबंध में बताया। उन्हें पेट संबंधी समस्याओं से अवगत कराते हुए आयुर्वेद औषधी के जरिए छुटकारे की भी जानकारी दी। रोजाना डाइट का प्लान बताते हुए स्वस्थ्य रहने का कई नुस्खे भी बताए। इस दौरान डॉ. अर्जुन राज, डॉ. मिताली अग्रवाल, सुरभि अग्रवाल, डॉ. राकेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे। तपोवन में आरोग्य धाम संचालित करने वाले योगी डा. अमृतराज फैमिना मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर को भी योगाभ्यास करा चुके है।
