कानून उत्तरप्रदेश : चुन्नु-मुन्नु सुरंग चोर गैंग के खौफनाक इरादे नाकाम -बदमाश लिखकर गए, सॉरी हम तिजोरी नहीं तोड़ पाए,फिर आएंगे
मेरठ । मेरठ में परतापुर रिठानी पीर के पास बदमाशों ने सराफ की दुकान में सुरंग बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश तिजोरी नहीं तोड पाए तो उन्होंने तिजोरी पर लिखा चुन्नु-मुन्नु सुरंग चोर गैंग, सॉरी हम चोरी करने में कामयाब नहीं हो सके। हमें अपना नाम कमाना है। दीपक भाई हम फिर आएंगे।
वहीं पड़ोस की टेलीकॉम की दुकान का ताला तोडक़र हजारों का सामान भी चोरी कर लिया। संयुक्त व्यापार संघ के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और हंगामा किया। एसएसपी कार्यालय पर धरने का एलान कर दिया। उनका कहना है कि पुलिस की लापरवाही के कारण बदमाशों का हौसला बढ़ रहा है। अब बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है।
मोहकमपुर निवासी दीपक लोधी की दीपक ज्वेलर्स एंड जनरल स्टोर के नाम से दुकान है। रात में सुरंग चोर गिरोह ने नाले में कुंबल कर उनकी दुकान से पांच हजार की नकदी और 45 हजार रुपये की आर्टिफिशियल ज्वेलरी चोरी कर ली। उन्होंने काउंटर और तिजोरी पर फिर आने की बात लिखी। व्यापारी ने सुबह परतापुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना कर जांच कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि कई दिनों से सुरंग बनाने का काम किया जा रहा था। व्यापारियों का कहना था कि पुलिस की गश्त नहीं होने की वजह से सुरंग बनाकर चोरी की जा रही है। व्यापारी कहीं भी सुरक्षित नहीं हैं।
टेलीकाम की दुकान में भी चोरी
इसके बाद चोरों ने पु_ा रोड स्थित प्रवीण सरगम टेलीकॉम की दुकान का ताला तोडकर दस हजार की नकदी, दो लैपटॉप, कंप्यूटर, एलसीडी, डाटा केबिल, इंवर्टर बैटरी चोरी कर ली। जिसकी कीमत करीब तीन लाख है। सुबह चोरी की जानकारी होने पर घटना का पता चला तो रिठानी व्यापार संघ अध्यक्ष सुनील वर्मा महामंत्री आदित्य शर्मा सहित सैक?ों व्यापारी एकत्र हो गए और हंगामा करना शुरू कर दिया। रिठानी व्यापार संघ अध्यक्ष की सूचना पर संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नवीन गुप्ता और ट्रांसपोर्ट नगर अध्यक्ष गौरव शर्मा को दी तो वह भी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्होंने घटना की जानकारी एसपी सिटी को दी। खुलासा नहीं होने पर एसएसपी कार्यालय पर धरना देने का एलान किया।
पांचवीं बार चोरी होने की बात कही
दीपक ज्वेलर्स के मालिक दीपक लोधी ने बताया कि उनकी दुकान में पांचवीं बार बदमाशों ने धावा बोला है। पुलिस आज तक किसी घटना का खुलासा नहीं हो सका है। यदि खुलासा नहीं किया जाता तो वह दुकान बंद कर चाबी पुलिस को सौंप देंगे। दीपक ने बताया कि बदमाशों ने श्रीकृष्ण की मूर्ति को उल्टा रखकर वारदात को अंजाम दिया। क्योंकि जब वह दुकान बंद करके गए थे तो मूर्ति को ठीक रखकर गए थे।
सख्त कार्रवाई होगी
सीओ ब्रह्मपुरी और परतापुर पुलिस को जांच पडताल कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए है। सख्त कार्रवाई की जाएगी। – पीयूष सिंह, एसपी सिटी
