June 28, 2026

पहले अपने कार्यकाल में महिलाओं पर किए गए लाठीचार्ज की माफी मांगें त्रिवेद्र रावत   :  गरिमा दसौनी


देहरादून। जिनके घर शीशे के होते हैं वो दूसरे के घरों में पत्थर नहीं मारते…भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के बेरोजगार युवकों पर लाठीचार्ज बयान के बाद कांग्रेस भी हमलावर हो गई है। कांग्रेस का कहना है कि त्रिवेंद्र शासनकाल में भी मातृशक्ति पर लाठीचार्ज किया गया था, और अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के कार्यकाल में बेरोजगार युवकों पर लाठीचार्ज किया गया। कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा है कि हाल ही में बेरोजगारों पर हुए लाठीचार्ज के लिए माफी मांगने वाले पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत पहले अपने कार्यकाल में गैरसैंण में महिलाओं पर किए गए लाठीचार्ज के लिए माफी मांगें। दसौनी ने कहा कि आज अचानक त्रिवेंद्र सिंह रावत की अंतरात्मा कैसे जाग गई?
दसौनी ने कहा, त्रिवेंद्र का बयान चौंकाने वाला है क्योंकि जब वह मुख्यमंत्री थे तब गैरसैंण में सड़क चौड़ीकरण की मांग को आंदोलनरत मातृशक्ति पर न सिर्फ लाठीचार्ज किया गया बल्कि दिसंबर की ठंड में वाटर कैनन भी चलाया गया था। तब चौतरफा घिरने के बाद भी उन्होंने क्षमा नहीं मांगी थी। दसौनी ने कहा कि भाजपा सरकार लाठीचार्ज सरकार का पर्याय बन गई है। जब-जब भाजपा सत्ता में आती है तब-तब दमनकारी नीति का सहारा लेती है और पहले से पीड़ित जनता पर लाठी चार्ज करने का काम करती है।