June 27, 2026

स्वाद बिगाड़ने लगा टमाटर .. दामों में उछाल


हल्द्वानी ।  रसोई का स्वाद बढ़ाने वाला टमाटर अब आम आदमी की जेब का स्वाद बिगाड़ने लगा है। महंगाई की मार के बीच टमाटर के बढ़ते दामों ने दाल-सब्जी का तडका मंहगा कर दिया हैं। कुछ ही दिनों में टमाटर के भाव दोगुने से ज्यादा हो गए हैं , थोक से लेकर खुदरा बाजार तक टमाटर की कीमतों में तेजी देखने को मिल रही है। कुछ दिन पहले तक 20 से 30 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर बाजार में 60 से 80 रुपये किलो तक पहुंच गया है। वहीं शिमला मिर्च के दामों में भी तेजी आई है, जिससे गृहणियों का रसोई खर्च बढ़ गया है। मंडी अध्यक्ष कैलाश जोशी ने बताया कि कई उत्पादन क्षेत्रों में मौसम में बदलाव और बारिश-गर्मी के असर से फसल प्रभावित हुई है। मंगलपड़ाव के सब्जी विक्रेता अंकित कुमार ने बताया कि बाजार में टमाटर 60 से 80 रुपये प्रति किलो के बीच बिक रहा है। हालांकि स्थानीय सब्जियों की अच्छी आवक के कारण लोगों को कुछ राहत मिल रही है। पहाड़ी आलू 30 से 40 रुपये प्रति किलो जो पहले 15 से 20 रुपये प्रति किलो थी , प्याज 40 से 50 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रही है, जिसमें केवल मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलपड़ाव बाजार में आलू, प्याज, भिंडी, लौकी और तोरई जैसी सब्जियों की कीमतें अभी 20 से 25 रुपये प्रति किलो के बीच बनी हुई हैं।
मंडी अध्यक्ष कैलाश जोशी ने बताया कि टमाटर के बढ़ते दामों का मुख्य कारण आपूर्ति और मांग में अंतर है। मैदानी क्षेत्रों से आने वाले टमाटर का उत्पादन इस बार कम हुआ है तो पहाड़ी क्षेत्रों में टमाटर का उत्पादन कम ही होता हैं। कई राज्यों में बारिश और खराब मौसम की वजह से फसल प्रभावित हुई है, इसके अलावा मंडियों तक पर्याप्त सप्लाई नहीं पहुंच पा रही है । ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने और कुछ इलाकों में उत्पादन कम होने से भी कीमतों पर असर पड़ा है.

सब्जी – थोक फुटकर (पहले फुटकर)
टमाटर 40 -45 60 – 70 20-30
शिमला मिर्च 70 -80 90 – 100 50-60
पहाड़ी आलू 20 – 25 30 – 40 15-20
प्याज 30 – 40 40 – 50 20-25
खीरा 25 – 30 40 – 50 20-30
केला 40 – 50 60 – 70 40-50