May 4, 2026

कौसानी में कांटली सड़क में गहरी खाई में गिरी कार, शिक्षक दंपत्ति हुए घायल, एक हायर सेंटर रेफर


कौसानी । पच्चीसी-कांटली मोटर मार्ग में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जो कि कफाड़ी गांव के समीप सड़क से लगभग 100 मीटर नीचे गिर गई है। कार में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य मिथिलेश सैनी और उनके पति घायल हुए हैं। आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने दोनों घायलों को गहरी खाई से बाहर निकाला।
घटना सायं लगभग 6:00 बजे की बताई गई है। माना जा रहा है कि मिथिलेश सैनी तथा उनके पति ओम प्रकाश सैनी स्कूल अवकाश के बाद अपने कौसानी स्थित आवास से कांटली की ओर निकले थे। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने 108 एंबुलेंस को भी फोन किया। तथा एंबुलेंस के नहीं पहुंचने पर प्राइवेट वाहन से पीएचसी कौसानी भेजा गया। घटना का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षक दंपति ने कुछ समय पहले ही नई कार खरीदी थी।
पीएचसी कौसानी के डॉक्टर अनिल सिलकोटी ने दोनों घायलों का उपचार किया। उनका कहना है कि ओम प्रकाश सैनी जो कि गागरीगोल के स्कूल में सेवारत हैं। उन्हें हल्की चोटें आई हैं। उनका उपचार अस्पताल में किया जा रहा है। लेकिन मिथिलेश सैनी को अंदरूनी गंभीर चोटें आने के चलते हायर सेंटर रेफर किया गया है।