Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान है मालवीय का : बेबिरानी मौर्य राज्यपाल

??

देहरादून ( आखरीआंख समाचार )  राज्यपाल बेबी रानी मौर्य मंगलवार को हरिद्वार में पंडित मदन मोहन मालवीय जी की 157वीं जयंती के अवसर पर महामना सेवा संस्थान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। पं0 मदन मोहन मालवीय एवं स्व0 अटल बिहारी वाजपेयी जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पण्डित मदन मोहन मालवीय उन महान् विभूतियों में से एक हैं, जिन्होंने राष्ट्र-निर्माण में अमूल्य योगदान दिया है। मालवीय जी एक शिक्षाविद्, सम्पादक, समाज-सुधारक, वकील और एक कुशल वक्ता के रूप में जाने जाते रहे हैं। राज्यपाल ने कहा कि मालवीय जी ने बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय की स्थापना की। उन्होंने हिन्दू विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए घर-घर जाकर चन्दा मांगने में भी संकोच नहीं किया।
राज्यपाल ने कहा कि मालवीय जी एक महान देशभक्त और समाज सुधारक थे। मालवीय जी का कहना था कि देशभक्ति व्यक्ति का कर्तव्य नहीं बल्कि धर्म है। मालवीय जी जीवन के सर्वांगीण विकास में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका मानते थे। उनका कहना था कि शिक्षा के द्वारा विद्यार्थियों की शारीरिक एवं मानसिक शक्तियों का विकास होना चाहिए ताकि विद्यार्थी सच्चाई और ईमानदारी से अपना जीवन निर्वाह कर सकें। उन्होंने बौद्धिक विकास के साथ-साथ चरित्र निर्माण में भी जोर दिया। वे कहते थे कि युवाओं का चरित्र निर्माण हमारे शिक्षण संस्थानों का एक प्रमुख लक्ष्य होना चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि मालवीय जी स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देते थे। आज पूरे समाज विशेषकर शिक्षक वर्ग को उनसे शिक्षा लेने की आवश्यकता है कि किस प्रकार हम अपने स्वभाव, अपने आचरण से किसी के जीवन में परिवर्तन ला सकते हैं। यदि आज हम महामना मालवीय जी के आचरण को जीवन में अपना लें तो स्वयं के साथ समाज को भी सभ्य और सुन्दर बना सकते हैं। हम सभी को महामना मालवीय जी की शिक्षाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने में अपना योगदान देना चाहिए। राज्यपाल ने सभी से अनुरोध करते हुए कहा कि हम सभी लोगों को देश की सीमाओं पर तैनात अपने सैनिकों को त्योहारों पर शुभकामनाएं देनी चाहिए और उनके परिजनों से भी मिलते रहना चाहिए ताकि हमारे सैनिकों को भी यह एहसास होता रहे कि उनका परिवार अकेला नहीं है। राज्यपाल ने कार्यक्रम के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी भूरी-भूरी प्रशंसा की। कार्यक्रम के अन्तर्गत विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट कार्य करने वाले विभिन्न व्यक्तियों एवं मेधावी छात्रों को राज्यपाल द्वारा महामना अभिनन्दन से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक भी उपस्थित थे।

You may have missed

Advertisement