Advertisement
Advertisement
Advertisement
November 7, 2026

सुदर्शन, मिलर के दम पर गुजरात विजयी


नयी दिल्ली ,।  गुजरात टाइटन्स ने मोहम्मद शमी और राशिद खान की घातक गेंदबाजी के बाद साई सुदर्शन (62 नाबाद) के अर्द्धशतक और डेविड मिलर (31 नाबाद) की आतिशी पारी की बदौलत इंडियन प्रीमियर लीग में मंगलवार को दिल्ली कैपिटल्स पर छह विकेट की आसान जीत दर्ज की।
दिल्ली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात के सामने 163 रन का लक्ष्य रखा, जिसे गुजरात ने 11 गेंद रहते हुए हासिल कर लिया।
दिल्ली के लिये कप्तान डेविड वॉर्नर ने 32 गेंद पर सात चौकों के साथ 37 रन बनाये, जबकि अक्षर ने 22 गेंद पर दो चौकों और तीन छक्कों के साथ 36 रन का योगदान दिया। शमी और राशिद ने तीन-तीन विकेट लेकर दिल्ली की बल्लेबाजी को चमकने नहीं दिया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात ने 54 रन पर तीन विकेट गंवा दिये, जिसके बाद सुदर्शन ने टीम को संबल दिया। सुदर्शन ने अपनी धैर्यवान पारी में 48 गेंद पर चार चौकों और दो छक्कों सहित 62 रन बनाये, जबकि मिलर ने 16 गेंद पर दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 31 रन बनाकर गुजरात की जीत पर मुहर लगायी।
दिल्ली को 162 रन की रक्षा करते हुए मुकाबला रोमांचक बनाने के लिये गुजरात को शुरुआती झटके देने थे और आनरिक नॉर्खिया ने टीम की यह जरूरत पूरी की। नॉर्खिया ने अपने पहले ओवर में ऋद्धिमान साहा (सात गेंद, 14 रन) को आउट किया, वहीं अपने दूसरे ओवर में उन्होंने शुभमन गिल (13 गेंद, 14 रन) को पवेलियन लौटाया।
खलील अहमद को उनके पहले ओवर में 14 रन पड़े लेकिन दूसरे ओवर में उन्होंने अनुशासन दिखाते हुए हार्दिक पांड्या (पांच) को विकेटकीपर अभिषेक पोरेल के हाथों कैच आउट करवाया।
गुजरात ने पावरप्ले में तीन विकेट गंवाकर 54 रन बनाये, जबकि दिल्ली ने 52 रन पर सिर्फ दो विकेट गंवाये थे। सुदर्शन और विजय शंकर ने हालांकि मध्य ओवरों में गुजरात की पारी को संभाल लिया। सुदर्शन और शंकर ने चौथे विकेट के लिये 44 गेंद में 53 रन की साझेदारी करके गुजरात की पारी को स्थिरता प्रदान कर दी।
गुजरात को जब आठ ओवर में 62 रन की जरूरत थी तब दिल्ली ने रनगति पर अंकुश लगाकर गुजरात पर दबाव बनाना शुरू किया। मिचेल मार्श ने शंकर (23 गेंद, तीन चौके, 29 रन) को आउट करके मैच को रोमांचक बना दिया।
दिल्ली के गेंदबाज मैच को अपने शिकंजे में जकड़ रहे थे, लेकिन मिलर ने 16वें ओवर में मुकेश कुमार के विरुद्ध 20 रन जोडक़र मैच की सूरत बदल दी। अब तक धीमी रफ्तार से खेल रहे सुदर्शन ने मिलर को देखकर लय बदलते हुए 17वें ओवर में नॉर्खिया को एक छक्का और एक चौका जड़ा।
गुजरात को अंतत: 18 गेंद में 12 रन की जरूरत थी मगर मिलर ने 19वें ओवर की पहली गेंद पर ही विजयी रन जडक़र टीम को लगातार दूसरी जीत दिला दी।
दिल्ली के लिये नॉर्खिया ने सर्वाधिक दो विकेट चटकाये, लेकिन उन्होंने अपने चार ओवर में 39 रन भी दिये। मिचेल मार्श (3.1 ओवर, 24 रन) और खलील अहमद (चार ओवर, 38 रन) को एक-एक विकेट हासिल हुआ। मुकेश कुमार चार ओवर में 42 रन देकर दिल्ली के सबसे महंगे गेंदबाज रहे।
इससे पूर्व, टॉस हारकर बल्लेबाजी के लिये बुलाये जाने पर दिल्ली की शुरुआत निराशाजनक रही। सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर स्विंग के आगे संघर्ष करते नजऱ आये, जबकि पृथ्वी शॉ सात रन बनाकर मोहम्मद शमी का शिकार हुए।
शमी ने अपने तीसरे ओवर में मिचेल मार्श (चार) को भी आउट किया, हालांकि वॉर्नर ने इस ओवर में चौका जडक़र हाथ खोले। दिल्ली ने छठे ओवर में 10 रन जोड़ते हुए 52/2 के स्कोर पर पावरप्ले समाप्त किया।
गुजरात ने पावरप्ले के बाद विकेट चटकाते हुए दिल्ली की रनगति पर शिकंजा कसना शुरू किया। वॉर्नर ने सातवें ओवर में अल्ज़ारी जोसेफ़ को दो चौके जड़े, लेकिन अल्ज़ारी ने जल्द ही बदला लेते हुए दिल्ली के कप्तान को बोल्ड कर दिया। अल्ज़ारी ने अगली ही गेंद पर राइली रूसो को आउट किया, हालांकि अभिषेक पोरेल ने अपना विकेट बचाकर उन्हें हैट्रिक पूरी नहीं कर सकी।
दिल्ली के लिये अपना पहला मैच खेल रहे पोरेल ने 10 गेंद पर दो छक्के लगाकर 20 रन बनाये। पोरेल अच्छी लय में दिख रहे थे लेकिन राशिद खान ने उन्हें अपने पहले ओवर में ही बोल्ड कर दिया। सरफराज खान लंबे संघर्ष के बाद 34 गेंद पर 30 रन बनाकर आउट हो गये।
दिल्ली 16 ओवर में छह विकेट गंवाकर 130 रन ही बना सका था, जिसके बाद अक्षर ने बाज़ुएं खोलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। अक्षर ने 21 गेंद पर दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 36 रन बनाये। शमी ने आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर अक्षर को आउट कर दिया, जिसके बाद नॉर्खिया ने चौका लगाकर दिल्ली की पारी को समाप्त किया।

गुजरात ने विलियम्सन की जगह शनाका को तलब किया
अहमदाबाद ,। गुजरात टाइटन्स ने घुटने की चोट के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मौजूदा सीजन से बाहर हुए केन विलियम्सन के स्थान पर श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका को टीम में शामिल किया है।
श्रीलंका की सीमित ओवर टी के कप्तान शनाका एक बल्लेबाजी ऑलराउंडर हैं। वह अपने करियर में 181 टी20 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 141.94 की स्ट्राइक रेट से 3702 रन बनाए हैं और 8.8 की इकॉनमी दर से 59 विकेट लिये हैं। उन्होंने इस साल जनवरी में भारत में श्रीलंका के तीन टी20 मैचों के दौरान 187.87 की स्ट्राइक रेट से 124 रन बनाये थे। यह उनका पहला आईपीएल सीजन होगा।
गौरतलब है कि चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ गुजरात के पहले मैच में विलियम्सन रुतुराज गायकवाड़ का एक छक्का रोकने के प्रयास में चोटग्रस्त हो गये थे। उन्होंने बाउंड्री पर शानदार प्रयास करके अपनी टीम के लिये दो रन बचाये लेकिन इस प्रक्रिया में उन्होंने अपना घुटना चोटिल कर लिया।
न्यूजीलैंड की सीमित ओवर टीम के कप्तान विलियम्सन प्रारंभिक उपचार के बाद स्वदेश लौट गये हैं, जहां वह अग्रिम जांच और इलाज से गुजरेंगे। गत चैंपियन गुजरात ने चेन्नई के खिलाफ अपने पहले मैच में पांच विकेट से जीत दर्ज की थी।
00

(मुंबई)बीसीसीआई ने गेंदबाजों को दिया ‘अतिरिक्त अभ्यास’ का निर्देश
मुंबई 05 अपै्रल,।  भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने जून में होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल को ध्यान में रखते हुए भारतीय गेंदबाजों को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान अधिक अभ्यास करने की सलाह दी है।
गेंदबाजों को हर हफ्ते अभ्यास सत्र में 200 गेंदें फेंकने का लक्ष्य दिया गया है। बीसीसीआई की सोच है कि वैकल्पिक अभ्यास और नियमित यात्रा के कारण जरूरी नहीं कि गेंदबाज हर दिन काम कर रहे हों। गेंदबाज आमतौर पर अभ्यास सत्र में करीब चार ओवर ही फेंकते हैं, जो एक टेस्ट मैच की तैयारी के लिये पर्याप्त नहीं है।
रिपोर्ट के अनुसार, गेंदबाज आईपीएल के अंतिम हिस्से में अतिरिक्त अभ्यास की शुरुआत करेंगे। इस दौरान वे लाल गेंद से भी अभ्यास कर सकते हैं। यह निर्देश मुख्यत: तेज गेंदबाजों के लिये है लेकिन स्पिनरों को भी इससे मिलती-जुलती सलाह दी गयी है।
भारतीय टीम के पूर्व गेंदबाजी कोच भरत अरुण ने कहा, यह महत्वपूर्ण है कि डब्ल्यूटीसी फाइनल से पहले गेंदबाज 200 या 175 गेंदें फेंककर पर्याप्त तैयारी करें। उन्हें डब्ल्यूटीसी में अच्छी तरह से तैयार होना चाहिए।
आईपीएल 2023 का फाइनल 28 मई को खेला जायेगा, जबकि डब्ल्यूटीसी फाइल इसके मात्र एक हफ्ते बाद सात जून को इंग्लैंड के ओवल मैदान पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होगा।

Advertisement