Advertisement
Advertisement
Advertisement
October 16, 2026

पेयजल को लेकर भतरौला के उपभोक्ताओं का कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन


बागेश्वर। ठाकुरद्धारा वार्ड में एक माह से पानी की किल्लत बनी हुई है। आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सोमवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने पानी की आपूर्ति शीघ्र नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। वार्ड के भतरोला के उपभोक्ताओं ने कहा कि बीते मार्च माह से पानी बहुत कम आ रहा है। वह भी अनियमित है। जिसके कारण वह पानी के लिए प्राकृतिक स्रोतों का रुख करने को मजबूर हैं। हैंडपंप आदि पर सुबह-शाम लाइन लगानी पड़ रही है। जिसमें उनका समय बर्बाद हो रहा है। जलसंस्थान पानी के बिल जमा नहीं होने पर कनेक्शन काटने की प्रक्रिया करता है। पानी की आपूर्ति होने पर उपभोक्ता को भी अधिकार मिलने चाहिए। वह जलसंस्थान का बिल जमा नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि लगभग तीन हजार से अधिक उपभोक्ता पेयजल के लिए परेशान हैं। यदि शीघ्र पानी की आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो वह उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। इस दौरान लक्ष्मी देवी, मुन्नी देवी, हेमा देवी, रीता, देवकी देवी, पार्वती देवी, नीमा देवी, गीता देवी, पूनम, रेखा, उमेश भट्ट, संगीता देवी, गोपुली देवी आदि उपस्थित थे।
नदीगांव में फिर गहराया पानी का संकट
बागेश्वर। नदीगांव में पानी की समस्या बनी हुई है। उपभोक्ताओं ने कहा कि उन्हें आधे घंटे पानी की आपूर्ति हो रही है। वह भी नलों से घरों तक पहुंचते ही बंद हो जाता है। मजबूरी में गोमती नदी का रुख करना पड़ रहा है। कपड़ा धोना और मवेशियों के लिए वह सिर पर पानी ढो रहे हैं। उन्होंने कहा कि योजना में पानी की कमी नहीं है। लेकिन लाइन की मरम्मत आदि नहीं की जा रही है। जिसके कारण वह पूरे दिन पानी ढोने में रहते हैं। अधिकतर लोग व्यापारी, कर्मचारी और कामकाजी हैं। उन्हें यदि शीघ्र आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो वह उग्र आंदोलन को बाध्य होंगे। इस दौरान निर्मला पांडे, किरन पांडे, मुन्नी पांडे, पार्वती देवी, भावना जोशी, विनोद पांडे, केवलानंद पांडे, भवान सिंह, मीरा रावल, गीता रावल, पुष्पा आदि उपस्थित थे। इधर, जलसंस्थान के ईई सीएस देवड़ी ने कहा कि पेयजल आपूर्ति सुचारू करने की कोशिश की जा रही है।

Advertisement